![]()
अलीगढ़ के पॉश मैरिस रोड इलाके में पुलिस ने होटल के कमरे में चल रहे बड़े जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। क्वार्सी पुलिस ने गुरुवार देर शाम मैलरोज-इन होटल के कमरा नंबर 202 में छापा मारकर 15 जुआरियों समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से करीब 5.50 लाख रुपए कैश, ताश के पत्ते और जुए में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक, होटल के रिसेप्शन कर्मचारी की मिलीभगत से यह जुआघर पिछले करीब 20 दिनों से चल रहा था। यहां शहर के अलग-अलग इलाकों के व्यापारी और किसान परिवारों से जुड़े लोग जुआ खेलने पहुंचते थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। सादे कपड़ों में पहुंचे कोतवाल, फिर होटल में पड़ा छापा क्वार्सी पुलिस को कई दिनों से होटल में जुआ चलने की सूचना मिल रही थी। पुलिस ने जब जानकारी जुटाई तो पता चला कि जुआ शाम के समय खेला जाता है और होटल के बाहर एक व्यक्ति निगरानी रखता था। पुलिस की गतिविधि दिखाई देने पर वह अंदर बैठे जुआरियों को अलर्ट कर देता था। इस बार पुलिस ने भी पूरी तैयारी के साथ कार्रवाई की। क्वार्सी कोतवाल अरुण कुमार गुरुवार शाम सादे कपड़ों में होटल के आसपास पहुंचे। काफी देर तक रेकी करने के बाद उन्हें कमरा नंबर 202 में जुआ चलने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने अचानक होटल में छापा मार दिया। दरी पर बैठे थे जुआरी, पुलिस पहुंचते ही मची भगदड़ पुलिस कमरे में पहुंची तो वहां जमीन पर दरी बिछाकर जुआ खेला जा रहा था। अचानक पुलिस को देखकर जुआरियों में भगदड़ मच गई। दो लोग मौके से भाग निकले, जबकि 15 जुआरियों को पुलिस ने पकड़ लिया। जुआ खेलने वालों के अलावा होटल का रिसेप्शन कर्मचारी जितेंद्र कुमार और बाहर निगरानी कर रहा विनोद कुमार भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मौके से 5.50 लाख रुपए, ताश के पत्ते और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, बरामद डिवाइस का इस्तेमाल आने वाले पत्तों की जानकारी हासिल करने के लिए किया जा रहा था। बुकी गारंटी लेकर बुलाते थे खिलाड़ी, कमीशन भी लेते थे पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि जाकिर और प्रमोद इस जुए के संचालन में अहम भूमिका निभा रहे थे। आरोप है कि दोनों अपनी गारंटी पर खिलाड़ियों को जुआ खेलने के लिए बुलाते थे। जीतने वाले खिलाड़ियों से उन्हें कमीशन मिलता था। जुए के लिए होटल का कमरा उपलब्ध कराने वाले रिसेप्शन कर्मचारी और बाहर निगरानी करने वाले व्यक्ति को भी कमीशन में हिस्सा दिया जाता था। व्यापारी से लेकर किसान परिवारों तक के लोग शामिल पुलिस ने जिन 17 लोगों को पकड़ा है, उनमें कुछ सराफा कारोबारी, कुछ बिल्डिंग मैटेरियल और प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े लोग बताए गए हैं। कुछ आरोपी किसान परिवारों से भी ताल्लुक रखते हैं। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही शहर में चर्चाएं शुरू हो गईं। आरोपियों के परिजन भी थाने पहुंचने लगे। कई दिन की रेकी के बाद कार्रवाई सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि होटल में जुआ चलने की सूचना के बाद कई दिनों तक रेकी की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई कर 17 लोगों को पकड़ा है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
अलीगढ़ में 15 जुआरियों समेत 17 गिरफ्तार:5.50 लाख कैश बरामद, मैलरोज-इन होटल में चल रहा था जुए का फड़