अरिल नदी में नहाने गए 5 युवक डूबे,छात्र की मौत:बदायूं में युवक ने 4 लोगों को बचाया, नहाते समय हुआ हादसा


बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम अरिल नदी में नहाने गए पांच युवक अचानक गहरे पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद एक बाइक सवार ने चार युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि 17 वर्षीय मोहित की डूबने से मौत हो गई। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद गांव के गोताखोरों की मदद से उसका शव नदी से बरामद किया गया। घटना बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ललुआनगला गांव की है, जो बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र की सीमा से लगा हुआ है। मंगलवार शाम करीब चार बजे सोनू, अमरजीत, राकेश, मोहित और नितिन नदी में नहाने पहुंचे थे। दो दिन पहले हुई बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और बहाव भी तेज था। बताया जा रहा है कि तीन युवक पुलिया से गहरे पानी में कूद गए, जबकि दो साथी कुछ देर बाद नदी में उतरे। गहरे पानी और तेज बहाव के कारण पांचों युवक डूबने लगे। उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया। बाइक सवार ने चार युवकों को बचाया इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने नदी में छलांग लगा दी और किसी तरह चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, 17 वर्षीय मोहित का कोई पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही सिरौली पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू कराई। डायल-112 पुलिस के साथ कार्यवाहक कोतवाल और दबतोरी चौकी प्रभारी विक्रांत आर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तहसीलदार बिसौली सुरेंद्र कुमार भी राजस्व टीम के साथ करीब साढ़े पांच बजे मौके पर पहुंचे। तीन घंटे बाद मिला शव पुलिस और ग्रामीणों ने नदी में मोहित की तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शाम सात बजे गांव के गोताखोरों की मदद से मोहित का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, मोहित कक्षा 11 का छात्र था और दो भाइयों में से एक था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *