![]()
अयोध्या में मंगलवार सुबह स्कूल बस ने साइकिल से स्कूल जा रहे 12 वर्षीय किशोर को रौंद दिया। टक्कर के बाद किशोर साइकिल समेत बस में फंस गया और काफी दूर तक घसीटता चला गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज और फिर लखनऊ रेफर किया गया है। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे रुदौली कोतवाली क्षेत्र के बारी गांव के पास हुआ। बारी पूरे प्रसन गांव निवासी त्रिभुवन का बेटा अजीत साइकिल से विद्यालय जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही रुदौली के एक निजी विद्यालय की बस ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद अजीत साइकिल समेत बस में फंस गया। बस उसे काफी दूर तक घसीटती रही। ग्रामीणों ने शोर मचाकर बस रुकवाई और काफी मशक्कत के बाद किशोर को बाहर निकाला। सूचना के करीब 30 मिनट बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। अजीत को सीएचसी रुदौली ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर करने की प्रक्रिया शुरू की। परिजनों के अनुसार, अजीत को अभी तक होश नहीं आया है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बस का पहिया उसके पेट के ऊपर से निकल गया। अजीत दो भाइयों में बड़ा है। उसके पिता अयोध्या में मजदूरी करते हैं। बस कब्जे में, तहरीर का इंतजार प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि घायल किशोर को अस्पताल भेजा गया है। बस को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
अयोध्या में स्कूल बस ने किशोर को रौंदा:साइकिल समेत रोड पर घसीटता ले गया, लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर