अयोध्या में बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज:ADM ने संवेदनशील गांवों का किया दौरा, राहत-बचाव के इंतजाम पूरे करने के निर्देश


अयोध्या जिले में संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में बाढ़ बचाव और राहत कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। वहीं, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमित कुमार भट्ट ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में बताया गया कि जनपद की सदर, सोहावल और रुदौली तहसीलें आंशिक रूप से बाढ़ से प्रभावित होती हैं। इन क्षेत्रों के संवेदनशील गांवों को चिन्हित कर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। तहसील सदर के माझा मोड़ाडीहा, माझा मुंडाडीहा बस्ती, माझा सलेमपुर, माझा पूरे चेतन, माझा पीपरी संग्राम, माझा मड़ना, माझा रामपुर पुवारी और माझा काजीपुर गांव बाढ़ संभावित क्षेत्रों में शामिल हैं। वहीं, तहसील सोहावल के माझा कला तथा रुदौली तहसील के कैथी माझा, मजरा कैथी, सराय नासिर, पसेया, संडरी और उधरौरा समेत अन्य गांवों को भी संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। बाढ़ चौकियां स्थापित करने के निर्देश जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते बाढ़ चौकियों की स्थापना सुनिश्चित की जाए। साथ ही राहत और बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता, अस्थायी शौचालयों की स्थापना और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नाव, राहत सामग्री और उपकरण तैयार रखने को कहा बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया। राहत सामग्री, नावों, बचाव उपकरणों और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि जनपद प्रशासन बाढ़ की किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार है। आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *