![]()
रामनगरी में जमीन के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। थाना कैंट क्षेत्र के 14 कोसी परिक्रमा मार्ग स्थित पराग डेयरी के पीछे एक कथित प्रॉपर्टी डीलर ताज मोहम्मद ने करीब 20 लोगों को नजूल (सरकारी) जमीन बेच दी। आरोप है कि उसने लोगों से लगभग 2 करोड़ रुपये वसूल किए और फरार हो गया। पीड़ितों के अनुसार, ताज मोहम्मद ने खुद को जमीन का मालिक बताते हुए दावा किया कि यह उसके पूर्वजों की संपत्ति है और सभी वैध कागजात उसके पास हैं। उसके झांसे में आकर लोगों ने 10-10 लाख रुपये तक देकर प्लॉट खरीदे। इतना ही नहीं, कई लोगों ने अपने सपनों का घर बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च कर निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया। मामला तब खुला जब नजूल विभाग की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंच गई और निर्माण को अवैध बताते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। नाराज पीड़ित परिवारों ने विरोध जताया और कई लोग बुलडोजर के सामने लेट गए। प्रशासन ने फिलहाल निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। एसडीएम (वित्त एवं राजस्व) ने पूरे मामले की जांच के लिए 15 दिन का समय दिया है और सभी पीड़ितों से जमीन से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है। अब बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी ठगी कैसे हुई और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं। पीड़ित परिवारों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
Source link
अयोध्या में नजूल जमीन घोटाला:20 लोगों से 2 करोड़ ठगकर फरार हुआ कथित प्रॉपर्टी डीलर