मेरठ में इंजीनियर दिवस पर इंजीनियरों ने किया रक्तदान:स्वर्गीय आरके दत्ता की पुण्यतिथि पर आयोजन, बोले- रक्त की कमी से किसी की जान न जाए


इंजीनियर दिवस के अवसर पर मंगलवार को डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन, लोक निर्माण विभाग में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएम डॉ. वीके सिंह रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान सीडीओ नूपुर गोयल, नगर आयुक्त सौरव गंगवार, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और इंजीनियर मौजूद रहे। कार्यक्रम में डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ विभिन्न विभागों के इंजीनियरों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। जनपद अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि इंजीनियर दिवस पर हर साल संघ की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। इस बार भी 300 से अधिक यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया और बड़ी संख्या में इंजीनियरों ने इसमें हिस्सा लिया। आरके दत्ता की स्मृति में शुरू हुई पहल अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि यह आयोजन केवल इंजीनियर दिवस तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वर्गीय आरके दत्ता की पुण्यतिथि की स्मृति से भी जुड़ा है। उन्होंने बताया कि आरके दत्ता की मृत्यु रक्त की कमी के कारण हुई थी। इसके बाद डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने संकल्प लिया कि रक्त की कमी के कारण किसी व्यक्ति की जान न जाए। इसी संकल्प के तहत हर साल उनकी स्मृति में रक्तदान शिविर लगाया जाता है। विभागों के इंजीनियर भी बने भागीदार शिविर में डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के अलावा इंजीनियर्स एसोसिएशन और विभिन्न सरकारी विभागों के इंजीनियरों ने भी हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार जनपद में हर साल इस अभियान के जरिए 300 से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया जाता है। रक्त को जरूरतमंद मरीजों के उपचार में इस्तेमाल किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की मदद नहीं, बल्कि जरूरत के समय कई परिवारों के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है। इंजीनियर दिवस पर आयोजित इस पहल के जरिए संघ ने तकनीकी सेवा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *