![]()
अयोध्या की रामनगरी में ट्रैक्टर एजेंसी द्वारा फर्जी बीमा पॉलिसी जारी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एजेंसी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार थाना पूरा कलंदर क्षेत्र के रहने वाले जगन्नाथ ने वर्ष 2021 में अयोध्या के डाभासेमर स्थित जय मां विंध्यवासिनी आयशर ट्रैक्टर एजेंसी से ट्रैक्टर खरीदा था। ट्रैक्टर खरीद के समय वाहन का बीमा भी कराया गया था। पीड़ित का आरोप है कि ट्रैक्टर की सभी किस्तें पूरी होने के बाद एजेंसी की ओर से दोबारा इंश्योरेंस कराने के नाम पर उनसे करीब 10 हजार रुपये जमा कराए गए। जगन्नाथ के मुताबिक भुगतान करने के बाद एजेंसी की ओर से जो बीमा पॉलिसी दी गई, वह बाद में फर्जी निकली। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब कैंट थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर पकड़े जाने के बाद उसे रिलीज कराने के लिए न्यायालय में दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। एसीजीएम प्रथम न्यायालय में रिकॉर्ड जांच के दौरान बीमा पॉलिसी संदिग्ध पाई गई। इसके बाद संबंधित कंपनी और अभिलेखों की जांच में पॉलिसी फर्जी होने की पुष्टि हुई। पीड़ित ने मामले की तहरीर थाना पूरा कलंदर में दी, जिसके आधार पर पुलिस ने ट्रैक्टर एजेंसी संचालक उमाशंकर यादव के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक थाना पूरा कलंदर मनोज शर्मा ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी एजेंसी संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया।घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र के अन्य वाहन मालिकों में भी चिंता बढ़ गई है।
Source link
अयोध्या में ट्रैक्टर एजेंसी पर फर्जी बीमा पॉलिसी का आरोप:किसान की शिकायत पर एजेंसी संचालक गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल