अयोध्या में एनएसजी बटालियन स्थापना की तैयारी:रामनगरी की सुरक्षा होगी मजबूत, मिल्कीपुर के पूरे लाल खां में भूमि चिन्हित


अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद वीआईपी और अति विशिष्ट व्यक्तियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) की स्थायी बटालियन स्थापित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के घोड़वल गांव के पूरे लाल खां में भूमि चिन्हित की गई है। यदि यह भूमि एनएसजी अधिकारियों को उपयुक्त लगती है, तो रामनगरी की सुरक्षा और मजबूत होगी। एनएसजी बटालियन भवन और उससे संबंधित सुविधाओं के विकास के लिए करीब 80 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। इसी क्रम में, तहसील प्रशासन ने पूरे लाल खां क्षेत्र में 3.544 हेक्टेयर (लगभग 8.7 एकड़) बंजर भूमि चिन्हित की है। यह स्थान पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निकट होने के कारण रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यहां से लखनऊ, वाराणसी, रायबरेली सहित पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों तक त्वरित पहुंच संभव होगी, जिससे सुरक्षा बलों की तैनाती और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सकेगी। सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में अयोध्या आने वाले वीआईपी कार्यक्रमों के दौरान एनएसजी के जवान दिल्ली से बुलाए जाते हैं। स्थायी बटालियन स्थापित होने से सुरक्षा प्रबंधन को मजबूती मिलेगी और आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर, सुधीर कुमार ने बताया कि एनएसजी बटालियन की स्थापना के लिए पूरे लाल खां क्षेत्र में भूमि का निरीक्षण किया जा रहा है और संबंधित विभागों द्वारा रिपोर्ट तैयार की जा रही है। क्षेत्राधिकारी पीयूष ने कहा कि भूमि अंतिम रूप से चयनित होने के बाद आगे की कार्रवाई और निर्णय लिया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले, जिला प्रशासन एक वर्ष पूर्व उद्यान विभाग की आठ एकड़ भूमि एनएसजी हब की स्थापना के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को शासन की स्वीकृति के बाद हस्तांतरित कर चुका है। स्थायी बटालियन की स्थापना की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *