![]()
अयोध्या के मिल्कीपुर विकासखंड क्षेत्र के महुलारा गांव के पूरे मिचकुरही में मुख्य मार्ग पर पिछले दो माह से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। लगभग 60मीटर सड़क बारिश के पानी में डूबी हुई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन कई गांवों के लोग गुजरते हैं,और बच्चों व बुजुर्गों को विशेष रूप से कठिनाई हो रही है। गांव निवासी सत्यनारायण ने बताया कि इस जलभराव की शिकायत एसडीएम मिल्कीपुर से की गई थी। शिकायत के बाद एसडीएम ने लेखपाल को मौके पर भेजकर पानी की निकासी कराई थी,जिससे कुछ समय के लिए राहत मिली थी। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बाद गांव के ही रत्नेश यादव ने पानी निकासी वाले स्थान पर मिट्टी डालकर उसे बंद कर दिया। इस अवरोध के कारण मार्ग पर दोबारा पानी भर गया और स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की निकासी के लिए कई बार अपने स्तर पर प्रयास किए गए,लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनके अनुसार, 11 अगस्त को तहसील प्रशासन की ओर से भी पानी निकासी की व्यवस्था की गई थी,लेकिन आरोप है कि इसके तुरंत बाद निकासी स्थल को फिर से अवरुद्ध कर दिया गया। सत्यनारायण गुप्ता, कुसुम, राजकुमारी, रामनारायन और रामनेवाज यादव ने 18अगस्त को एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा से दोबारा शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें टीम भेजकर पानी निकलवाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक तहसील प्रशासन का कोई कर्मचारी या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पानी की निकासी कराकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान न होने से स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। इस संबंध में एसडीएम पवन कुमार शर्मा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही टीम भेजकर पानी की निकासी कराई जाएगी।एसडीएम ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा बार-बार पानी की निकासी अवरुद्ध की जा रही है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Source link
अयोध्या के महुलारा में दो माह से जलभराव:एसडीएम के आदेश के बावजूद निकासी नहीं, ग्रामीण पानी से गुजरने को मजबूर