सीएम योगी ने विद्यार्थियों के खातों में भेजे 148.04 करोड़:गाजियाबाद में सजीव प्रसारण के साथ बांटे गए लाभ


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 4,60,559 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 148.04 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से ट्रांसफर की। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का गाजियाबाद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं महाविद्यालयों में भी सजीव प्रसारण किया गया। जिले के विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कुमार सौरभ, अन्य गणमान्य अतिथियों और लगभग 100 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान उपस्थित छात्रों को शिक्षा के लिए सरकार द्वारा दी जा रही आर्थिक सहायता और छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचने की पारदर्शी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही, गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं को भी छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों को बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रखने में बड़ी मदद मिलेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *