![]()
अम्बेडकरनगर में 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर एक व्यापक वृक्षारोपण और जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। यह अभियान प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार होगा। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरित भविष्य के निर्माण में जनसामान्य की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए 35 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें अम्बेडकरनगर जिले को वन विभाग और अन्य विभागों को मिलाकर कुल 37,00,530 पौधे रोपित करने का लक्ष्य मिला है। इस लक्ष्य के तहत, वन विभाग द्वारा 1,60,000 पौधे लगाए जाएंगे, जबकि अन्य विभागों को 21,00,530 पौधे लगाने का दायित्व सौंपा गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले के सभी विकास खंडों, नगर निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों और विभिन्न विभागों के माध्यम से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेसवे, नदियों और नहरों के किनारे वृक्ष लगाए जाएं। स्थानीय एवं पारंपरिक प्रजातियों के साथ-साथ फलदार वृक्षों के रोपण को प्राथमिकता दी जाए। जिलाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी कार्यक्रम प्लास्टिक के उपयोग से पूरी तरह मुक्त रखे जाएं। उन्होंने जोर दिया कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की आधारशिला भी हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान मातृत्व, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक अभिनव प्रयास है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले सकता है।
Source link
अम्बेडकरनगर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान:विश्व पर्यावरण दिवस पर 37 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, वन विभाग डेढ़ लाख पौधे लगाएगा