अमेठी जिला अस्पताल में लगेंगी दो अत्याधुनिक मशीनें:एचएएल के सीएसआर फंड से मिलेंगी सौगात


अमेठी जिला अस्पताल में मरीजों को जल्द ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के सीएसआर फंड से अस्पताल में दो अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी। इनमें फेको मशीन और हार्मोनल एनालाइजर शामिल हैं, जिनसे आंखों और विभिन्न हार्मोन्स की सटीक जांच संभव हो सकेगी। फेको मशीन मोतियाबिंद सहित आंखों की अत्याधुनिक जांच और ऑपरेशन को आसान व सुरक्षित बनाएगी। यह मशीन आंखों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के निदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता वाली नेत्र चिकित्सा मिल सकेगी।
दूसरी मशीन हार्मोनल एनालाइजर है, जो एक मेडिकल डायग्नोस्टिक उपकरण है। यह मानव शरीर में विभिन्न हार्मोन्स के स्तर को मापता है। यह मशीन इम्युनोएसे तकनीक का उपयोग करती है और रक्त, प्लाज्मा या सीरम के नमूनों से जांच करती है। इस एनालाइजर से थायरॉयड, प्रजनन से जुड़े एस्ट्रोजन, प्रोजेस्टेरोन और तनाव जैसे हार्मोन्स की सटीक जांच हो सकेगी। अब तक इन जांचों के लिए मरीजों को निजी लैब या बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होता था। इन मशीनों से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि इन मशीनों के जिला अस्पताल में लगने से लोगों का बेहतर इलाज हो सकेगा। उन्होंने जानकारी दी कि मशीनों को स्थापित करने के लिए एचएएल से पत्राचार किया जा चुका है और जल्द ही ये अस्पताल पहुंच जाएंगी। इससे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *