![]()
अमरिया तहसील में अधिवक्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को चौथे दिन भी जारी रही। इस बीच उपजिलाधिकारी हेमंत चौधरी ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं को बातचीत के लिए बुलाया। बैठक में अधिवक्ताओं ने तहसील में काम कर रहे निजी कर्मचारियों को हटाने समेत अपनी कई मांगें रखीं। एसडीएम ने इन मांगों को सही बताते हुए उन पर कार्रवाई का भरोसा दिया। इस बातचीत में बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुंदरलाल चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष मोहम्मद हसनैन मलिक, सचिव छत्रपाल राठौर, वरिष्ठ अधिवक्ता हबीब अहमद, तनवीर अहमद, निजामुद्दीन उर्फ बाबू, शांति स्वरूप गंगवार, तस्लीम अहमद और मुस्ताक उल मदार समेत कई अधिवक्ता मौजूद थे। अधिवक्ताओं ने बताया कि तहसील से निजी कर्मचारियों को हटाना उनकी मुख्य मांग है। उनका आरोप है कि कुछ निजी कर्मचारी वादकारियों और अधिवक्ताओं से पैसे मांगते हैं। इससे तहसील आने वाले लोगों को परेशानी होती है। अधिवक्ताओं का कहना है कि निजी कर्मचारियों के हटने से तहसील की व्यवस्था ज्यादा पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। अधिवक्ताओं ने एसडीएम को साफ किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बातचीत के दौरान एसडीएम हेमंत चौधरी ने उनकी मांगों को सही बताया और समाधान के लिए कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसडीएम के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने कहा कि अगर मंगलवार तक उनकी मुख्य मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई होती है, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म कर देंगे। अब सभी की निगाहें मंगलवार को प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। इसके बाद बार एसोसिएशन आगे की रणनीति तय करेगा। अधिवक्ताओं का कहना है कि उनका यह आंदोलन किसी खास व्यक्ति के खिलाफ नहीं है। यह तहसील की कार्यप्रणाली में सुधार और वादकारियों को बेहतर व्यवस्था देने की मांग को लेकर है।
Source link
अमरिया तहसील में निजी कर्मचारियों को हटाने की मांग:अधिवक्ताओं की हड़ताल पर एसडीएम ने दिया आश्वासन, मंगलवार को बनेगी आगे की रणनीति