अनंत नगर योजना में निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार:दो ठेकेदारों पर 12.5 लाख का जुर्माना: सड़क, सीवर और ड्रेन निर्माण में देरी पर कार्रवाई


लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अनंत नगर योजना में विकास कार्यों में लापरवाही पर बड़ा एक्शन लिया है। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य तय समय पर शुरू न होने और कई कामों की रफ्तार बेहद धीमी मिलने पर दो कार्यदायी संस्थाओं पर कुल 12.50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अनंत नगर योजना का निरीक्षण किया। समीक्षा में सामने आया कि सेक्टर-1 के पॉकेट-ई में 9, 12, 18 और 24 मीटर चौड़ी सड़कों का निर्माण अब तक शुरू नहीं हुआ, जबकि ठेकेदार को पहले ही कार्यादेश जारी किया जा चुका था। इस पर मेसर्स डी.पी. इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। वहीं सेक्टर-1 और सेक्टर-4 में 45 मीटर चौड़ी सड़क, ट्रेंच, सीवरेज और ड्रेन निर्माण की प्रगति भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर मेसर्स राजलक्ष्मी इंटरप्राइजेज पर 7.50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। निरीक्षण के बाद उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को सभी सेक्टरों में विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात को देखते हुए मिट्टी भराई और लेवलिंग जैसे कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं। मुख्य अभियंता को हर सप्ताह योजना का निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट देने के भी निर्देश दिए गए। इस दौरान नादरगंज से अनंत नगर योजना तक करीब पांच किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण, आरसीसी ड्रेन और ट्रेंच निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। उपाध्यक्ष ने इसे अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने और बरसात से पहले नालों को ढकने के निर्देश दिए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *