![]()
संभल के बहजोई कस्बे में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव किराए के मकान में पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान प्रतीक (24) के रूप में हुई है, जो चंदौसी निवासी अधिवक्ता प्रमोद कुमार का पुत्र था। वह अपने पिता के साथ बहजोई कस्बे के पुराना डाकखाना रोड स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे प्रतीक का एक मित्र उससे मिलने पहुंचा। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसे आशंका हुई। इसके बाद उसने मकान मालिक को बुलाया और छत के रास्ते कमरे के अंदर पहुंचा। वहां प्रतीक का शव पंखे से चुनरी के फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। रेस्टोरेंट का संचालन करता था युवक बताया गया कि प्रतीक जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने एक रेस्टोरेंट का संचालन करता था। उसके पिता मंगलवार सुबह करीब नौ बजे कचहरी के लिए घर से निकले थे। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर वह तत्काल घर पहुंचे। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शाम तक पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
अधिवक्ता के बेटे ने फांसी लगाकर दी जान:संभल में किराए के मकान में फंदे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी