कानपुर के अस्पतालों में पैर रखने की जगह नहीं:वायरल, डेंगू और उल्टी-दस्त के मरीजों से भरी OPD; LLR में 2600 मरीज पहुंचे


कानपुर में मौसम के बदलते ही बीमारियों ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। शहर के बड़े अस्पतालों की OPD में इन दिनों मरीजों का हुजूम उमड़ रहा है। हालत यह है कि पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने तक के लिए लोगों को घंटों लंबी लाइनों में खड़े रहना पड़ रहा है। अस्पतालों के मेडिसिन विभाग के बाहर केवल बुखार से तपते मरीज और उनके परेशान तीमारदार ही नजर आ रहे हैं। तीन बड़े अस्पतालों में एक ही दिन पहुंचे 5200 मरीज शहर के प्रमुख अस्पतालों एलएलआर (हैलट), उर्सुला और कांशीराम चिकित्सालय में मरीजों की संख्या में अचानक बड़ा इजाफा हुआ है। आंकड़ों पर नजर डालें तो: LLR अस्पताल: यहां अकेले करीब 2,600 मरीजों ने OPD में अपना रजिस्ट्रेशन कराया। उर्सुला अस्पताल: यहां लगभग 1,700 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। कांशीराम चिकित्सालय: यहां भी 900 से ज्यादा मरीजों ने डॉक्टरों से परामर्श लिया। उल्टी, दस्त और पेट दर्द के मामले सबसे ज्यादा एलएलआर अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक प्रो. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में आने वाले ज्यादातर मरीजों में वायरल फीवर के साथ-साथ उल्टी, दस्त और डायरिया के लक्षण देखने को मिल रहे हैं। पेट में इन्फेक्शन (संक्रमण) का पता लगाने के लिए मरीजों की जरूरी पैथोलॉजी जांचें कराई जा रही हैं। डेंगू के संदिग्धों की कराई जा रही जांच बदलते मौसम के साथ डेंगू का खतरा भी बढ़ गया है। अस्पतालों के मेडिसिन विभाग में कई ऐसे मरीज भी पहुंच रहे हैं, जिनमें तेज बुखार और शरीर में दर्द जैसे डेंगू के शुरुआती लक्षण दिख रहे हैं। प्रो. अग्रवाल के मुताबिक, ऐसे सभी संदिग्ध मरीजों को तुरंत डेंगू और प्लेटलेट्स की जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि समय पर सही इलाज शुरू किया जा सके। डॉक्टरों की सलान, खान-पान का रखें ध्यान मौसम में आए इस बदलाव को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है। बाहर का खुला या बासी खाना खाने से बचें और उबला या साफ पानी ही पीएं। अगर तेज बुखार, उल्टी या दस्त की शिकायत हो, तो खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल जाकर डॉक्टर को दिखाएं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *