![]()
संभल में एक पूर्व प्रधान की बोलेरो गाड़ी में अचानक आग लग गई। हादसे में गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई और उसमें रखे 2 लाख रुपए नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। पीड़ित के अनुसार, इस घटना में उन्हें 16 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। मामला थाना ऐंचौड़ा कम्बोह क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, मांडली समसपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान महफूज हुसैन अपनी महिंद्रा बोलेरो (यूपी 38 एए 5801) से बैंक जा रहे थे। रास्ते में हाजीवेड़ा और मांडली समसपुर गांवों के बीच अचानक उनकी गाड़ी बंद हो गई। जब उन्होंने उतरकर वाहन की जांच की तो बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। रास्ते में महफूज हुसैन ने गांव के सुनील कुमार और नेपाल सिंह को भी लिफ्ट दी थी, जो मंडावली रसूलपुर स्थित बैंक जा रहे थे। आग लगने के बाद महफूज हुसैन और नेपाल सिंह ने तत्परता दिखाते हुए पैरालाइसिस से पीड़ित सुनील कुमार को सुरक्षित बाहर निकाला और सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे पहुंचाया। दमकल पहुंचने से पहले जल गई पूरी गाड़ी घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही बोलेरो पूरी तरह जल चुकी थी। आग की लपटों के कारण वाहन में रखा सारा सामान भी नष्ट हो गया। महफूज हुसैन ने बताया कि वह कपड़े के कारोबारी हैं। गाड़ी में रखे 2 लाख रुपये नकद घर के एक जरूरी काम के लिए थे, जो आग में जल गए। वाहन और नकदी समेत कुल नुकसान 16 लाख रुपये से अधिक होने का अनुमान है। थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने बताया कि बोलेरो में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि वाहन स्वामी की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।
Source link
संभल में पूर्व प्रधान के चलती बोलेरो में लगी आग,VIDEO:दो लाख नकदी जला, 16 लाख से ज्यादा के नुकसान की आशंका