![]()
फतेहपुर जोनिहा चौकी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुई। खुरमाबाद गांव निवासी 60 वर्षीय सुशील कुमार दीक्षित अपने साथी 40 वर्षीय नाहर सिंह के साथ जोनिहा कस्बे से अपने गांव लौट रहे थे। शहजादीपुर गांव के पास उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर गए। अज्ञात वाहन सुशील कुमार दीक्षित को कुचलते हुए निकल गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। नाहर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। जोनिहा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल नाहर सिंह को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक सुशील कुमार दीक्षित के परिजनों में घटना के बाद शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि सुशील कुमार दीक्षित शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। जोनिहा चौकी प्रभारी सावन कुमार पटेल ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है और एक अन्य घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जाएगी।
Source link
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत:तेज टक्कर से सड़क पर गिरे, कुचलते हुए निकल गया वाहन