अग्निवीर की तैयारी कर रहे युवक की मौत:स्टेडियम में दौड़ के बाद हुआ बेहोश, साथी देते रहे सीपीआर, अस्पताल में हुई मौत की पुष्टि


फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्टेडियम में बुधवार सुबह अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे 21 साल के युवक की अचानक मौत हो गई। रोज की तरह वह साथियों के साथ दौड़ लगाने पहुंचा था। दौड़ पूरी करने के बाद जैसे ही बैठा, अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। साथी पहले उसे निजी अस्पताल और फिर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। राजेपुर थाना क्षेत्र के शेराखार गांव का रहने वाला शिवनारायण अग्निवीर जीडी की लिखित परीक्षा पास कर चुका था। अब उसकी नजर शारीरिक परीक्षा पर थी। गांव के मैदान में बारिश का पानी भर जाने के कारण वह पिछले छह दिनों से फतेहगढ़ स्थित स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में दौड़ का अभ्यास करने आ रहा था। बुधवार सुबह भी वह अपनी बाइक से स्टेडियम पहुंचा। रोज की तरह साथियों के साथ दौड़ लगाई और शारीरिक अभ्यास पूरा किया। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि सेना में भर्ती होने का सपना देखने वाला यह युवक कुछ ही मिनटों बाद हमेशा के लिए दुनिया छोड़ देगा। दौड़ खत्म कर बैठा और अचानक गिर पड़ा प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दौड़ पूरी करने के बाद शिवनारायण कुछ देर आराम करने के लिए बैठा था। तभी अचानक वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। पहले साथियों को लगा कि शायद कमजोरी या थकान की वजह से ऐसा हुआ है, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने तुरंत उसे सीपीआर देकर होश में लाने की कोशिश की। हालत में सुधार न होने पर साथी उसे पहले एक निजी नर्सिंग होम ले गए। वहां से तत्काल लोहिया अस्पताल भेजा गया। सुबह करीब 7:45 बजे अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दे दी।
बेटे की मौत से मां-बेटे का रो-रोकर बुरा हाल मौत की सूचना मिलते ही शिवनारायण की मां और बड़े भाई धर्मराज लोहिया अस्पताल पहुंचे। बेटे का शव देखकर मां बेसुध हो गईं। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार सुनकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।शिवनारायण तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़े भाई धर्मराज ने बताया कि वह पढ़ाई में भी तेज था और सेना में भर्ती होकर परिवार का नाम रोशन करना चाहता था। अग्निवीर जीडी की परीक्षा पास करने के बाद वह पूरी मेहनत से शारीरिक परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं। पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का कारण परिजनों ने बताया कि शिवनारायण के पिता गुजरात के सूरत में निजी नौकरी करते हैं, जबकि तीनों भाई गांव में रहते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर युवक के अचानक गिरने से मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। चिकित्सकों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *