कुंदन पाल | ललितपुर4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

ललितपुर में दबंगों ने एक किशोर और उसके पिता व चचेरे भाई के साथ मारपीट की। घटना मंगलवार रात हाईवे पर हुई, जहां किशोर चाय पी रहा था। दबंगों ने पिता का अपहरण कर उनसे भैंस चोरी का झूठा वीडियो भी बनवाया।
कोतवाली सदर अंतर्गत मोहल्ला सदनशाह निवासी 40 वर्षीय बबलू कुरैशी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे उनका 15 वर्षीय पुत्र जुनैद हाईवे स्थित मसौरा बैरियर पर चाय पीने गया था। कुछ देर बाद जुनैद ने फोन कर बताया कि कुछ लोग उसे पीट रहे हैं और पैसे मांग रहे हैं।
सूचना मिलने पर बबलू अपने 31 वर्षीय भतीजे फिरोज के साथ मसौरा बैरियर पहुंचे। वहां मौजूद करीब दस दबंगों ने उन पर बंदूक से तीन-चार फायर किए और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद वे बबलू को अपनी कार में बैठाकर ले गए।

बबलू के अनुसार, रास्ते में दबंगों ने लोहे की रॉड से उनके साथ मारपीट की और बंदूक की नोक पर उनसे भैंस चोरी करने की बात कबूल करवाते हुए एक झूठा वीडियो बनाया। बाद में वे बबलू को बड़ी नहर के पास एक पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए।
किसी तरह घायल बबलू और फिरोज रात करीब 1 बजे कोतवाली पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच में जुट गई। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
