अनूप कुमार यादव | कुशीनगर6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय मौसम केंद्र कुशीनगर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए अगले तीन दिनों तक खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। 26 से 28 जून के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने आम लोगों, किसानों और पशुपालकों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
तीन दिन खराब मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 26, 27 और 28 जून तक जिले में रुक-रुककर बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। तेज हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
लोगों के लिए जारी की गई सलाह
आईएमडी ने खराब मौसम के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर न रहें। पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूरी बनाए रखें। सुरक्षित भवन में शरण लें। बिजली के उपकरणों को अनप्लग कर दें। तालाब, नदी और अन्य जलाशयों के आसपास जाने से बचें। अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।
किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी
मौसम विभाग ने किसानों से धान की नर्सरी और खरीफ फसलों में पर्याप्त नमी बनाए रखने की सलाह दी है। इसके अलावा सब्जी एवं बागवानी फसलों में आवश्यकता अनुसार हल्की सिंचाई करें। तेज हवा और आकाशीय बिजली के दौरान खेतों में काम करने से बचें। मौसम साफ होने के बाद ही कृषि कार्य करें।
पशुपालकों को भी सतर्क रहने की सलाह
पशुपालकों से कहा गया है कि वे मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें और उन्हें पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएं। खराब मौसम के दौरान पशुओं को खुले स्थानों में न बांधने की भी सलाह दी गई है।
