![]()
वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर शिवसेना नेता कमलेश राय की पिस्टल से चली गोली के बाद गृह मंत्रालय के निर्देश पर DGCA टीम एयरपोर्ट पहुंची। टीम के सदस्य गुरुवार शाम फ्लाइट से एयरपोर्ट पहुंचे और डायरेक्टर समेत एयरपोर्ट अफसरों के साथ बैठक की।
.
डीजीसीए की टीम ने कंट्रोल रूम, गनशॉट का प्लेस और चेकिंग-स्क्रीनिंग के लिए बनाए गए रूम का निरीक्षण भी किया। जांच टीम के सवालों पर सीआईएसएफ से लेकर एयरपोर्ट के अफसर चुप्पी साधे रहे। हालांकि बाद में एयरपोर्ट निदेशक ने इसे रूटीन ऑडिट बतो हुए गोली वाले मामले से कोई संबंध होने से इनकार किया है।
बुधवार शाम वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को डीजीसीए की टीम पहुंची। टीम यहां तीन दिन के रूटीन ऑडिट के लिए आई है। अधिकारियों का कहना है कि यह ऑडिट शुक्रवार तक चलेगा। इस दौरान एयरपोर्ट की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था देखी जा रही है।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि डीजीसीए हर साल अगस्त में यह ऑडिट करता है। इस बार भी जांच तय कार्यक्रम के तहत हो रही है। टीम रनवे, विमान संचालन और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की व्यवस्था देख रही है, जिसके लिए रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
इसके अलावा तीन दिनों में टीम एयरपोर्ट की सुरक्षा, लाइटिंग, संचार और नेविगेशन सिस्टम की भी जांच करेगी। फायर सेफ्टी व्यवस्था और अलग-अलग विभागों के रिकॉर्ड भी देखे जा रहे हैं। सुरक्षा नियमों के पालन की स्थिति भी जांची जा रही है।
गोली चलने वाली जगह पर भी पहुंची टीम
रविवार को एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलने की घटना हुई थी। बताया जा रहा है कि उस घटना की जांच भी जारी है। ऐसे में बुधवार को डीजीसीए टीम के पहुंचने पर इस जगह को लेकर भी चर्चा रही। ऑडिट के दौरान टीम गोली चलने वाली जगह तक पहुंची और वहां की स्थिति देखी।
हालांकि, इस बारे में बात करने पर एयरपोर्ट निदेशक ने साफ किया कि रविवार को एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल में गोली चलने वाली घटना का स्थान रूटीन ऑडिट के दायरे में नहीं है। टीम का मौजूदा दौरा पहले से तय वार्षिक ऑडिट का हिस्सा है।
गोली लगने से दो कर्मचारी हुए थे घायल
दरअसल, बीते रविवार को मुंबई जाने के लिए पहुंचे पूर्व नगरसेवक और शिवसेना नेता कमलेश राय की पिस्टल की जांच के दौरान गोली चली थी। इसमें वहां पर तैनात एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हुए थे। दोनों का इलाज चल रहा है।
पीएमओ, गृह मंत्रालय और एविएशन मिनिस्ट्री के संज्ञान के बाद मामला तूल पकड़ रहा है। फिलहाल घटना की जांच पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। वहीं, डीजीसीए टीम शुक्रवार तक एयरपोर्ट की अलग-अलग व्यवस्थाओं की जांच पूरी करेगी। इसके बाद जांच में मिले बिंदुओं को रिपोर्ट में दर्ज किया जाएगा।