डंपर की टक्कर से महिला की मौत पर FIR दर्ज:कानपुर देहात में महिला को 20 मीटर तक घसीटा, गुस्साए ग्रामीणों ने किया था हंगामा


कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र के जल्लापुर गांव के पास शनिवार दोपहर करीब 1 बजे हुए सड़क हादसे में महिला की मौत मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद डंपर महिला को करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर हंगामा किया था। रूरा थाना क्षेत्र के डंदरूख गांव निवासी वेद प्रकाश शनिवार दोपहर करीब एक बजे अपनी पत्नी सरोज कुमारी उर्फ गुड्डी देवी (40) के साथ बाइक से देवराहट थाना क्षेत्र के कल्ला गांव जा रहे थे। दोनों रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जल्लापुर गांव के पास कुंवरपुर मार्ग पर बालू डंपिंग स्थल की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद डंपर महिला को करीब 20 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में सरोज कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वेद प्रकाश घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही महिला का बेटा जयंत, बेटी सृष्टि, मां मन्नी देवी, ससुर धनीराम समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि डंपिंग स्थल से बालू लेने आने वाले डंपरों की रफ्तार काफी अधिक रहती है। इसके चलते आए दिन हादसे होते हैं। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद राजपुर और सट्टी थाना पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
मामले में अब मृतका के पति वेद प्रकाश की तहरीर पर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की है। डंपर चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई शुरू की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *