प्रमोद यादव | प्रयागराज4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने प्राविधिक शिक्षा विभाग में प्रवक्ताओं की भर्ती का अंतिम परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित कर दिया है। आयोग ने पांच तकनीकी विषयों में 13 पदों के सापेक्ष 12 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है। इन पदों के लिए विज्ञापन 15 सितंबर 2021 को जारी किया गया था और इंटरव्यू एक जून 2026 को आयोजित किए गए थे।
आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने बताया कि इंटीरियर डिजाइन एंड डेकोरेशन विषय के लिए विज्ञापित तीन पदों में से केवल दो पर ही चयन हो सका है। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी में पात्र अभ्यर्थी न मिलने के कारण एक पद रिक्त रह गया है।
चयनित अभ्यर्थियों में प्लास्टिक मोल्ड टेक्नोलॉजी विषय से राहुल कुमार और हेमंत पाल शामिल हैं। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (इंडस्ट्रियल एंड कंट्रोल) विषय में राजगुरु तिवारी का चयन हुआ है। इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल विषय में आशीष कुमार सिंह, वरुणेंद्र कुमार सिंह, अरुण झा, श्रुति यादव और रवींद्र को सफलता मिली है। इंटीरियर डिजाइन एंड डेकोरेशन विषय में मो. साजिम और ज्योति सिंह तथा फुटवियर टेक्नोलॉजी विषय में संजय चाहर और अर्जुन वर्मा का चयन किया गया है।
जिन चयनित अभ्यर्थियों के नाम के आगे ‘प्रोविजनल’ अंकित है, उन्हें आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह परिणाम उच्च न्यायालय में विचाराधीन विशेष अपील पर पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। अभ्यर्थी अपने प्राप्तांक और कट-ऑफ की जानकारी आयोग की वेबसाइट http://uppsc.up.nic.in पर देख सकते हैं।
