प्रमोद यादव | प्रयागराज4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (एलटी ग्रेड) संगीत विषय की मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा 11 जुलाई 2026 को प्रयागराज जनपद में दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक आयोजित की जाएगी।
आयोग ने इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र अपनी आधिकारिक वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in पर उपलब्ध करा दिए हैं। अभ्यर्थियों को अपने ओटीआर (OTR) नंबर का उपयोग करके प्रवेश-पत्र और परीक्षा संबंधी अनुदेश डाउनलोड करने होंगे।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट साइज फोटो, आईडी प्रूफ की मूल प्रति और उसकी एक छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को आईडी प्रूफ की एक छायाप्रति जमा करनी होगी।
आयोग ने परीक्षा के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 01 घंटा 30 मिनट पहले केंद्र पर प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने के 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के द्वार बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग ने उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के प्रावधानों को कड़ाई से लागू किया है। इस अधिनियम के तहत नकल करना, प्रश्नपत्र लीक करना या किसी भी अनुचित साधन का प्रयोग करना गंभीर अपराध माना जाएगा। दोषी पाए जाने पर एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने के साथ आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है।
