धर्मेन्द्र कुमार | पहला (सीतापुर), सीतापुर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सीतापुर के पहला विकास खंड के मोहम्मदपुर कलां गांव की बेटी पूर्णिमा सिंह यादव ने UPPCS अंतिम परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और आसपास के इलाकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सफलता के बाद पूर्णिमा सबसे पहले अपने ननिहाल फिरोजपुर पहुंचीं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके मामा गंगा राम यादव और ममेरे भाइयों विनीत यादव, अमित यादव और सोनित यादव समेत परिवारजनों ने बैंड-बाजे, फूल-मालाओं और गुलदस्तों के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया। इस दौरान पूर्णिमा को लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया गया।
इस स्वागत समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी शामिल हुए। महमूदाबाद के पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा, पहला ब्लॉक प्रमुख राघवेंद्र सिंह उर्फ अजय यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह यादव सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पूर्णिमा को शुभकामनाएं दीं।
ननिहाल में स्वागत के बाद पूर्णिमा पहाड़पुर स्थित खाटू श्याम बाबा मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद जब वह अपने गांव मोहम्मदपुर कलां पहुंचीं तो वहां भी उनका भव्य स्वागत किया गया।
पूर्णिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने स्वर्गीय पिता नरेंद्र सिंह यादव, माता नीलम सिंह यादव, भाइयों और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि कोई भी लक्ष्य बड़ा नहीं होता, यदि उसे पाने का संकल्प मजबूत हो।
पूर्णिमा की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
