.
आज की सबसे बड़ी खबर अजय राय के आईसीयू में भर्ती होने और उस पर पीएम मोदी-राहुल गांधी के ट्वीट को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तंज पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य के पलटवार से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें…
1- अजय राय ICU में भर्ती; मोदी के बाद राहुल ने लिखा- परेशान हूं
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय की तबीयत बिगड़ने के बाद मेदांता में एडमिट कराया गया है। वह आईसीयू में डॉक्टर्स की निगरानी में हैं। शुक्रवार देर रात पीएम मोदी ने ‘X’ पर पोस्ट कर उनके जल्द ठीक होने की कामना की। इसके करीब 11 घंटे के बाद शनिवार सुबह 11.13 बजे राहुल गांधी ने ट्वीट किया। लिखा- चिंतित हूं। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। पूरी खबर पढ़ें

2- अखिलेश ने लिखा- दो स्टूलों से कुर्सी नहीं बनती; केशव का पलटवार-घबराना जायज
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार रात ‘X’ पर दोनों डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक की रील शेयर की। लिखा- दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती। केशव मौर्य ने पलटवार कर लिखा- फिट और हिट जोड़ी से घबराना जायज है। जवाब में अखिलेश ने बृजेश पाठक को प्रतीक्षारत सीएम बताया तो पाठक ने लिखा- यूपी की सुपर जोड़ी की चर्चा सब जगह हो रही। पूरी खबर पढ़ें

3- लखनऊ में दरोगा का सुसाइड, लिखा-अब जीना नहीं चाहता
लखनऊ में 34 साल के दरोगा ने सुसाइड कर लिया। उनका शव किराए के कमरे में फंदे से लटकता मिला। ASI सत्येंद्र वर्मा, पुलिस मुख्यालय पर तैनात थे। पुलिस को मिले चार पन्नों के सुसाइड नोट में लिखा- अब जीने की इच्छा खत्म हो गई है। दरोगा की डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम पर युवती से मुलाकात हुई थी। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन बाद में ब्रेकअप होने पर तनाव में थे। पूरी खबर पढ़ें

4- आगरा में भाभी को देख वरमाला फेंक भागा दूल्हा, महिला बोली- ये मेरा पति है
आगरा में जयमाल के दौरान एक महिला को देखकर दूल्हा वरमाला फेंककर स्टेज से भाग गया। दरअसल, 4 गाड़ियों से बारात में अचानक एक महिला पहुंच गई। कहने लगी- दूल्हा मेरा पति है। महिला हंगामा करने लगी तो दूल्हे का बड़ा भाई सामने आ गया। बड़े भाई ने दावा किया कि महिला उसकी पत्नी है। वह दूल्हे की भाभी है। पत्नी का छोटे भाई (देवर) से अफेयर चल रहा है। पूरी खबर पढ़ें

5- मोबाइल पर एकसाथ अलर्ट मैसेज आया, सायरन की आवाज सुनाई देने लगी
मोबाइल्स पर शनिवार सुबह 11:45 बजे एकसाथ सायरन की आवाज सुनाई देने लगी। स्क्रीन पर हिंदी-अंग्रेजी में एक मैसेज था। सायरन बंद हुआ तो मोबाइल पर मैसेज पढ़कर भी सुनाया गया। इससे कई लोग परेशान हुए तो कुछ कन्फ्यूज। हालांकि, सरकार ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। यह मैसेज NDMA ने भेजा था, जो इमरजेंसी मोबाइल अलर्ट ट्रायल का हिस्सा है। पूरी खबर पढ़ें

अब अहम 8 खबरें…
6- मायावती बोलीं- पेट्रोलियम कीमतों को सरकार कंट्रोल करे, लोग महंगाई से पहले से त्रस्त
बसपा प्रमुख मायावती ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी पर सरकार को चेताया है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी से आम लोगों में बेचैनी फैल गई है। कीमतों को सरकार कंट्रोल में रखे। लोग महंगाई से पहले से त्रस्त हैं। एक बार फिर खाने-पीने और रोजमर्रा की जरूरतों वाले सामानों के दाम बढ़ेंगे। जनहित में सरकार को कीमतें नियंत्रित करनी चाहिए। पूरी खबर पढ़ें

7- भास्कर सर्वे…यूपी में भाजपा पसंद, सहयोगी दलों के नुकसान का फायदा भी मिल रहा
विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने में सिर्फ 8 महीने शेष हैं। पार्टियां चुनावी तैयारी में जुट गईं हैं। दैनिक भास्कर के सबसे बड़े सर्वे के नतीजों में सामने आया कि यूपी में भाजपा लोगों की पहली पसंद है, लेकिन 2027 चुनाव जीतने के लिए विधायकों के चेहरे बदलने होंगे। लोग मंत्रियों और विधायकों से नाराज दिखे। भाजपा को सहयोगी दलों के नुकसान का भी फायदा मिल रहा। पूरी खबर पढ़ें

8- बलिया में असम राइफल्स के जवान ने की हर्ष फायरिंग, बच्चे के सीने के आर-पार हुई बुलेट
बलिया में बारात में डांस के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। गोली बच्चे के सीने के आरपार हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उधर, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बच्चा अपनी पड़ोस में आई बारात में आया हुआ था। आरोपी सुनील यादव, असम राइफल्स में सिपाही है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पूरी खबर पढ़ें

9- बस्ती में फर्जी जज अरेस्ट, अफसरों को कॉल पर धमकाकर काम कराता था
बस्ती में फर्जी जज को अरेस्ट किया गया है। वह खुद को हाईकोर्ट का जस्टिस बताता था और अधिकारियों पर काम कराने का दबाव बनाता था। उसने कई जिलों में अधिकारियों को फोन कर धमकाया था। एक मई को उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। उसके बाद नेशनल हाईवे पर पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने उसके पास से कई आईडी भी बरामद किए हैं। पूरी खबर पढ़ें

10- बुलंदशहर में AIMIM नेता का VIDEO; ऑटोमैटिक हथियार के साथ दिखे
बुलंदशहर में AIMIM के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी दिलशाद कुरैशी उर्फ हड्डी का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वह एक आधुनिक हथियार का प्रदर्शन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दिलशाद कुरैशी सड़क किनारे खड़े हैं। अपनी कार के बोनट पर ऑटोमैटिक रायफल रखे हुए हैं और खुद बोतल से पानी पी रहे हैं। इसका रील बनाकर इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट किया है। पूरी खबर पढ़ें

11- जौनपुर में बारात रोककर दूल्हे को 3 गोलियां मारीं; बहन की लव-मैरिज से नाराज था
जौनपुर में बारात लेकर जा रहे 22 साल के दूल्हे की हत्या दुल्हन के ममेरे भाई ने की थी। वह उसकी लव-मैरिज से नाराज था। परिवार वालों से रिश्ता तोड़ने के लिए कह रहा था। जब उन्होंने बात नहीं मानीं तो दूल्हे को ही मार डाला। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया- ममेरे भाई ने अपने साथी रवि यादव के साथ दूल्हे की कार को ओवरटेक कर रोका, फिर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पूरी खबर पढ़ें

12- कानपुर में डंपर से टकराकर केबिन में फंसे 2 भाई, तड़पकर मौत
कानपुर में मौरंग लदे खराब खड़े डंपर में पीछे से आ रहा डंपर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे से टकराने वाले डंपर का केबिन चिपक गया। उसके केबिन में बैठे ड्राइवर और उसके हेल्पर की मौत हो गई। दोनों सगे भाई थे। दोनों करीब 3 घंटे तक केबिन में फंसकर तड़पते रहे। पुलिस पहुंची, फिर क्रेन मंगवाई। जबतक डंपर हटाकर निकाला जाता, दोनों की मौत हो चुकी थी। पूरी खबर पढ़ें

13- वृंदावन में प्रेमी-प्रेमिका की बंद कमरे में लाश मिली, एक साल से अफेयर था
वृंदावन में प्रेमी-प्रेमिका की लाश शुक्रवार देर रात लड़की के कमरे में मिली। 28 साल की लड़की का शव बेड पर पड़ा था जबकि 24 साल का युवक फंदे से लटक रहा था। दोनों के बीच एक साल से अफेयर था। कुछ दिनों से दोनों में विवाद चल रहा था। 28 अप्रैल को लड़की ने उसके खिलाफ FIR कराई थी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है…
14- बेटियों ने मां को कंधा दिया, पति एयरफोर्स में रहे
हापुड में चार बेटों के जीवित रहते हुए मां का अंतिम संस्कार बेटियों ने किया। 85 वर्षीय हरनंदी देवी का काफी दिनों से दिल्ली के एम्स (AIIMS) में इलाज चल रहा था। बुधवार को उनका निधन हो गया। इसके बाद उनकी दोनों बेटियां कंधा देकर मां को श्मशान ले गईं। पिता एयरफोर्स में थे। बेटी विमलेश और शगुन ने बताया- मां चाहती थी कि उनकी बेटियां ही अंतिम संस्कार करे। बेटे अलग रहते हैं।

कल क्या रहेगा खास…
15- शंकराचार्य की गोरखपुर यात्रा
3 मई को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद गोरखपुर पहुंचेंगे। पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के अनुसार, शंकराचार्य का आगमन 81 दिवसीय गो रक्षार्थ धर्म युद्ध ‘गविष्टि यात्रा’ के मद्देनजर हो रहा है।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…