Swiggy Instamart HPCL LPG Cylinder Delivery Launch

बेंगलुरु9 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

स्विगी के क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट ने LPG सिलेंडर की डिलीवरी शुरू करने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साथ पार्टनरशिप का ऐलान किया है। इसके तहत अब ग्राहक सीधे इंस्टामार्ट ऐप के जरिए ऑन-डिमांड LPG गैस सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।

बुधवार, 15 जुलाई को दोनों कंपनियों ने इस सर्विस को लॉन्च करने की जानकारी दी। गैस सिलेंडर की क्विक डिलीवरी के लिए क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के साथ हुई यह देश की पहली पार्टनरशिप है। शुरुआती फेज में इस सर्विस को कर्नाटक के बेंगलुरु में रोलआउट किया जाएगा।

10 kg का नया ‘HP नव्या’ और 5 kg का सिलेंडर मिलेगा

इस पार्टनरशिप के जरिए ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप पर HPCL के दो तरह के सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। इसमें हाल ही में लॉन्च किया गया कंपनी का ‘HP नव्या’ 10 किलोग्राम का कंपोजिट LPG सिलेंडर शामिल है।

इसके अलावा ग्राहक ऐप के जरिए HPCL का ट्रेडिशनल 5 किलोग्राम वाला मेटल (लोहे का) LPG सिलेंडर भी बुक कर सकेंगे।

बिना किसी पुराने कनेक्शन के भी बुकिंग कर सकेंगे

कंपनियों ने जानकारी दी है कि ग्राहकों को इंस्टामार्ट के जरिए इन गैस सिलेंडरों को खरीदने के लिए पहले से किसी भी प्रकार के घरेलू LPG गैस कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी।

यह उन लोगों के लिए बेहद सुविधाजनक होगा जो नए शहर में शिफ्ट हुए हैं या जिन्हें तुरंत गैस कनेक्शन की जरूरत है।

जानिए कैसे काम करेगा ऑर्डर और रिफिल का प्रोसेस

पहला ऑर्डर: यदि कोई ग्राहक पहली बार ऐप से सिलेंडर बुक करता है, तो इसे नए सिलेंडर की खरीद माना जाएगा। पहली बार खरीदने पर ग्राहक का आइडेंटिटी वेरिफिकेशन किया जाएगा और डिलीवरी प्रूफ से जुड़े जरूरी दस्तावेज लिए जाएंगे।

रिफिल ऑर्डर: पहली बार के बाद जब भी ग्राहक दोबारा सिलेंडर बुक करेंगे, तो डिलीवरी के समय उन्हें अपना पुराना खाली HPCL सिलेंडर डिलीवर करने वाले कर्मचारी को सौंपना होगा।

‘HP नव्या’ कंपोजिट सिलेंडर की 3 खासियतें

HPCL का नया कंपोजिट सिलेंडर सामान्य मेटल सिलेंडर से काफी अलग है। इसकी खासियतें…

  • हल्का वजन: यह सिलेंडर पुराने और लोहे के सिलेंडरों की तुलना में काफी हल्का है, जिससे इसे एक जगह से दूसरी जगह ले जाना बेहद आसान हो जाता है।
  • पारदर्शी बॉडी: इस सिलेंडर की बॉडी पारदर्शी है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि ग्राहक बाहर से ही देख सकेंगे कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है और उन्हें सिलेंडर कब रिफिल कराना है।
  • जंगरोधी: यह सिलेंडर पूरी तरह से जंगरोधी है, जिससे इसकी लाइफ लंबी होती है और यह घरों में इस्तेमाल के लिए पूरी तरह सुरक्षित है।

ऑथराइज्ड डिस्ट्रीब्यूटर्स ही डिलीवरी करेंगे

इंस्टामार्ट के CEO अमितेश झा ने कहा कि क्विक कॉमर्स ऐप से बुकिंग होने के बावजूद सेफ्टी में कोई समझौता नहीं किया गया है। ग्राहकों के ऑर्डर सीधे HPCL के ऑथराइज्ड डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क से पूरे किए जाएंगे।

सिलेंडरों की डिलीवरी सिर्फ प्रोफेशनल डिलीवरी स्टाफ ही करेंगे, जो सभी लागू सेफ्टी और रेगुलेटरी नियमों का पूरी तरह से पालन करेंगे।

डिजिटल प्लेटफॉर्म से ग्राहकों की पहुंच बढ़ेगी

HPCL के डायरेक्टर-मार्केटिंग अमित गर्ग ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म से ग्राहकों की पहुंच बढ़ेगी। इंस्टामार्ट ने ग्रॉसरी से आगे बढ़कर अब ग्राहकों के रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनने के लिए अपनी सर्विसेज का काफी विस्तार किया है। साथ मिलकर हम उसी सुविधा को एक और जरूरी घरेलू सर्विस तक पहुंचा रहे हैं। हम ग्राहकों की सुरक्षा और भरोसे से समझौता किए बिना LPG डिलीवरी को इंस्टामार्ट पर लेकर आए हैं।

ग्राहकों की जरूरतें बदल रही हैं और हम उनके लिए लगातार नए समाधान ला रहे हैं। हमारा उद्देश्य डिजिटल रूप से सक्षम प्लेटफॉर्म के जरिए देश के लोगों के लिए LPG गैस की पहुंच को आसान बनाना है। साथ ही सुरक्षा, विश्वास और विश्वसनीयता के उसी मानक को बनाए रखना है जो हमेशा से HP गैस के साथ जुड़ा रहा है।

दोनों कंपनियों ने बेंगलुरु से बाहर इस सर्विस को बढ़ाने की टाइमलाइन शेयर नहीं की

वर्तमान में स्विगी इंस्टामार्ट भारत के 131 से ज्यादा शहरों में 50,000 से ज्यादा एसकेयू (SKUs) यानी प्रोडक्ट्स की डिलीवरी करता है। एलपीजी डिलीवरी सेगमेंट में उतरना कंपनी के लिए हाई-ट्रस्ट कैटेगरीज में एंट्री का हिस्सा है।

वहीं HPCL के लिए यह साझेदारी अपने डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को एक नए टेक-इनेबल्ड चैनल में विस्तार देने जैसी है। दोनों कंपनियों ने फिलहाल बेंगलुरु से बाहर इस सर्विस को बढ़ाने की टाइमलाइन शेयर नहीं की है।

क्या होता है ‘कंपोजिट’ सिलेंडर?

ट्रेडिशनल गैस सिलेंडर भारी लोहे या स्टील के बने होते हैं, जिनका वजन खाली होने पर भी काफी ज्यादा होता है। इसके विपरीत, कंपोजिट सिलेंडर तीन परतों वाले फाइबरग्लास मटीरियल से बने होते हैं।

ये जंगरोधी होते हैं और इनमें जंग लगने की वजह से गैस लीक होने का खतरा नहीं रहता। हल्के होने के साथ-साथ इनका लुक भी मॉडर्न होता है, जिससे यह शहरी घरों और आधुनिक किचन के लिए बेहतर होते हैं।

ये खबर भी पढ़ें…

UK की व्हिस्की, कारें और ब्यूटी प्रोडक्ट्स सस्ते मिलेंगे: भारत-UK के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट आज से लागू, जानें किन चीजों के दाम बदलेंगे

भारत में UK की कारें, व्हिस्की, कपड़े और फुटवियर आज से सस्ते मिलेंगे। आज से भारत-UK के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट लागू हो गया है। यानी अब भारत के 99% सामानों को UK में जीरो टैरिफ पर निर्यात किया जाएगा। वहीं UK के 99% सामान 3% एवरेज टैरिफ पर आयात होंगे। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.