Sultanpur SP Youth Protest NEET Paper Leak, Inflation & Electricity Issues

सुलतानपुर7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

समाजवादी पार्टी के युवा संगठनों ने सुल्तानपुर में बढ़ती महंगाई, चरमराई बिजली व्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने NEET पेपर लीक सहित विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया और राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।

यह प्रदर्शन मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष मोहम्मद शहजाद और युवजन सभा के जिलाध्यक्ष शिव मंगल तिवारी के नेतृत्व में हुआ। ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। सपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जनता और छात्रों से जुड़े इन गंभीर मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई, तो समाजवादी पार्टी और यूथ ब्रिगेड एक बड़ा जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।

ज्ञापन में पांच प्रमुख मांगें उठाई गई हैं। इनमें पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बेतहाशा मूल्यवृद्धि पर तत्काल रोक लगाने तथा रसोई गैस वितरण में व्याप्त कालाबाजारी, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई करने की मांग शामिल है। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में हो रही अघोषित एवं अनियंत्रित विद्युत कटौती को तत्काल समाप्त कर 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति लागू करने और आम जनता के उपयोग में आने वाली आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सरकार से सख्त नीति लागू करने की भी मांग की गई है।

सबसे महत्वपूर्ण मांगों में से एक NEET सहित सभी हालिया प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक मामलों की उच्च स्तरीय न्यायिक या सीबीआई जांच कराना है। इसमें दोषियों को कठोरतम सजा देने और पूरी परीक्षा प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी बनाने की बात कही गई है।

मोहम्मद शहजाद ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में होने वाले हर बड़े अपराध के पीछे कहीं न कहीं सत्तापक्ष के लोगों का हाथ या सह होती है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को लेकर दिए गए विवादित बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में जनता ने PDA की ताकत दिखा दी है, जिससे पूरी भाजपा बौखलाई हुई है। शहजाद ने यह भी कहा कि राजभर की अपनी कोई हैसियत नहीं है और उनसे यह सब बुलवाया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *