अभिषेक सिंह | सीतापुर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सीतापुर में रविवार की देर रात से शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रही। लगातार हो रही बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। वहीं, शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी राजा गणपति आर ने सोमवार सुबह करीब 6 बजे आदेश जारी कर नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए। प्रशासन का यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। स्कूल बंद होने की सूचना के बाद अभिभावकों को भी राहत मिली।
देखें, 3 तस्वीरें…



मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में जिले में अब तक करीब 41 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। रविवार देर रात से लगातार हो रही बारिश के कारण सोमवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा। सुबह का न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों और कुछ प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हुई। कई जगह जलनिकासी व्यवस्था की स्थिति भी सामने आई। हालांकि, किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है।

खेतों में खड़ी फसलों के लिए बारिश को काफी फायदेमंद माना जा रहा है। किसानों का कहना है कि बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और फसलों को सिंचाई का लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि रविवार सुबह भी जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई थी, जिसके बाद मौसम सुहाना हो गया था। अब लगातार हो रही बारिश से तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।
