सनी गुप्ता | संभल5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

संभल के चंदौसी कस्बे में होने वाले 66वें गणेश चौथ मेले को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार दोपहर करीब 2 बजे एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह ने सीओ विवेक जावला, इंस्पेक्टर संत कुमार और मेला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। 14 सितंबर को होने वाली भव्य रथयात्रा में 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया गया।

352 दुकानें और 32 ब्लॉक बनाए गए
गणेश चौथ मेले में इस बार 352 दुकानें और 32 ब्लॉक बनाए गए हैं। इसके अलावा 35 सरकारी स्टॉल भी लगाए जाएंगे। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और आने-जाने के रास्तों को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
12 सितंबर से शुरू होगा गणेश महोत्सव
चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में गणेश महोत्सव 12 सितंबर से शुरू होगा। पांच धर्मों के धर्मगुरु संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद 14 सितंबर को भव्य रथयात्रा और शोभायात्रा निकाली जाएगी।

पूरे मेला क्षेत्र में लगेंगे CCTV कैमरे
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक कंट्रोल, भीड़ प्रबंधन और पार्किंग समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पूरे मेला क्षेत्र को CCTV कैमरों से कवर करने के निर्देश दिए। मेला कमेटी की ओर से दिए गए सुझावों पर भी चर्चा की गई।
एएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि कमेटी पदाधिकारियों, सीओ और इंस्पेक्टर के साथ मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं को देखा गया है। कमेटी की ओर से कुछ सुझाव मिले हैं और पुलिस की ओर से भी कुछ सुझाव दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी सुझावों को शामिल किया गया है।

रथयात्रा में आसपास के जिलों से भी आएंगे श्रद्धालु
डीएम अंकित खंडेलवाल के अनुसार, 12 सितंबर से शुरू होने वाले गणेश चौथ मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले और महोत्सव से जुड़े अधिकारियों व कमेटी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। उन्होंने बताया कि रथयात्रा में चार लाख से ज्यादा स्थानीय श्रद्धालुओं और आसपास के जिलों से करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

इन रास्तों से होकर गुजरेगी रथयात्रा
मेला कमेटी के मनोज गुप्ता ने बताया कि रथयात्रा सीता रोड स्थित मनियाहार चौक से शुरू होगी। यहां से यात्रा सुंदर मोहल्ला, बिसौली गेट, पुरानी पेंठ, बड़ा बाजार, घंटाघर, फड़याई बाजार, ब्रह्म बाजार और कैथल गेट होते हुए मेला ग्राउंड पहुंचेगी। इसके बाद रथयात्रा गणेश मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी।
