सत्यम पांडे | भदोही (संत रविदास नगर)2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भदोही में जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को ‘छात्रों की गूंज’ अभियान चलाया। जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में छात्र-छात्राओं से जनसंपर्क किया। इस दौरान छात्रों से 19 जुलाई को प्रयागराज में प्रस्तावित छात्र सम्मेलन में बड़ी संख्या में शामिल होकर राहुल गांधी के नेतृत्व में अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष वसीम अंसारी और एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शक्ति मिश्रा ने संयुक्त बयान में कहा कि शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आगे आना चाहिए और 19 जुलाई को प्रयागराज पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाना चाहिए।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार और एनटीए भंग करने की उठाई मांग
युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव नाजिम अली और युवा नेता विशाल गौतम ने भी संयुक्त बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार आवश्यक है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने तथा परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी करने जैसी मांगों को लेकर छात्रों से एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
जनसंपर्क अभियान के दौरान ओबीसी विंग के जिला अध्यक्ष राकेश पाल, धीरज पाल, उमेश पाल, एडवोकेट अमलेश पाल सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने छात्रों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में भाग लेने की अपील की।
