पीलीभीत3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पीलीभीत पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) नताशा गोयल के नेतृत्व में थाना जहानाबाद पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लगभग 1 लाख 20 हजार अल्प्रालोजम गोलियां और दो लग्जरी कारें बरामद की गई हैं।
तीनों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जहानाबाद क्षेत्र में नशे की खेप का बड़ा लेनदेन होने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां एक सफेद i-20 और ग्रे स्विफ्ट डिजायर कार में सवार तस्कर हिसाब-किताब कर रहे थे।
पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि ये नशीली गोलियां फुरकान नामक व्यक्ति को 50 हजार रुपये में बेची गई थीं। पुलिस ने मौके से 1,20,000 नशीली गोलियां, 54,550 रुपये नकद, तस्करी में इस्तेमाल की गई i20 और स्विफ्ट डिजायर कारें, 03 मोबाइल फोन और 08 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लखविन्दर सिंह, ओमकार मिश्रा और फुरकान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये सभी शातिर अपराधी हैं और इनका आपराधिक इतिहास रहा है। लखविन्दर सिंह के खिलाफ थाना जहानाबाद (पीलीभीत) में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वह मूल रूप से राजस्थान का निवासी है और वर्तमान में लखीमपुर खीरी से अपना नेटवर्क चला रहा था।
ओमकार मिश्रा एक पेशेवर अपराधी है, जिसके खिलाफ थाना पलिया (लखीमपुर खीरी) में बलवा और मारपीट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। उस पर जहानाबाद में भी एनडीपीएस एक्ट का मामला चल रहा है।
तीसरा आरोपी फुरकान अमरिया क्षेत्र का रहने वाला है और जहानाबाद में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में नामजद है। एएसपी नताशा गोयल ने बताया कि इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में नशे की सप्लाई चेन पर बड़ी चोट लगी है। इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार विश्नोई, उप-निरीक्षक अमर कुमार, ज्ञानचन्द्र, और हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार, अनुराग चौधरी, रतन लाल व रोहित कुमार की अहम भूमिका रही।
