अतुल कुमार सिंह | लखनऊ5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

लखनऊ की 35वीं वाहिनी पीएसी स्थित शहीद भगत सिंह तरणताल में आयोजित चार दिवसीय 64वीं यूपी पुलिस वार्षिक तैराकी एवं क्रॉसकंट्री प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।
पुरुष वर्ग में पीएसी पूर्वी जोन की टीम ने तैराकी और वाटरपोलो दोनों स्पर्धाओं में सर्वाधिक अंक हासिल कर चल वैजयन्ती अपने नाम की। डायविंग में कानपुर जोन और क्रॉसकंट्री में प्रयागराज जोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता।
विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया
महिला वर्ग में प्रयागराज जोन की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए तैराकी और क्रॉसकंट्री दोनों में चल वैजयन्ती हासिल की। समापन समारोह के मुख्य अतिथि आयोजन सचिव एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी लखनऊ अनुभाग, किरीट राठोड़ रहे, जिन्होंने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में मेरठ जोन के रोहित शर्मा और लखनऊ जोन के अवध नरेश यादव को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ तैराक चुना गया। कानपुर जोन के शुभम मिश्रा ने सर्वोच्च गोताखोर का खिताब जीता, जबकि प्रयागराज जोन के आशीष पाल सर्वश्रेष्ठ धावक बने।
वंदना साहनी और रिया वर्मा को सर्वश्रेष्ठ तैराक घोषित किया गया
महिला वर्ग में लखनऊ की अनामिका साहनी, प्रयागराज की वंदना साहनी और मेरठ की रिया वर्मा को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ तैराक घोषित किया गया। क्रॉसकंट्री में प्रयागराज की ममता पाल सर्वश्रेष्ठ धाविका रहीं। वाटरपोलो के रोमांचक मुकाबले में पीएसी पूर्वी जोन पहले, वाराणसी दूसरे और पीएसी मध्य जोन तीसरे स्थान पर रहा।कार्यक्रम के दौरान रंगारंग मार्चपास्ट की सलामी ली गई। अंत में सह आयोजन सचिव अमित कुमार ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
