![]()
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विविध गतिविधियों का उत्साहपूर्वक संचालन किया गया। मुख्य अतिथि परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना छात्रों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती है। उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी से छात्र समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। डॉ. सिंह ने छात्रों से एनएसएस के माध्यम से स्वयंसेवा को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पहल एक स्वच्छ, समृद्ध और जिम्मेदार भारत के निर्माण में सहायक होगी और युवा पीढ़ी को नेतृत्व प्रदान करने तथा सामाजिक समस्याओं का समाधान खोजने में सक्षम बनाएगी। विशिष्ट अतिथि प्रो. अजय प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि जब तक अपशिष्ट का सही प्रबंधन नहीं अपनाया जाएगा, तब तक स्वच्छ समाज की कल्पना अधूरी रहेगी। इस अवसर पर शिविरार्थियों ने मुक्तांगन परिसर में एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. अजय मौर्य, डॉ. विशाल यादव, डॉ. प्रमेन्द्र विक्रम सिंह, डॉ. शशिकांत यादव और डॉ. अनुराग मिश्र सहित उद्देश्य सिंह तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और शिविर के उद्देश्यों को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। शिविर में दिव्यांशु सिंह, पृथ्वी राज सिंह, प्रियांशी मौर्य, प्रिया मोर्य, मनीष यादव, मोनू कुमार, मनीष जायसवाल, अर्पिता यादव, आलोक मिश्रा, शंभू चौरसिया, रजनीश कन्हैया यादव, सौरभ सिंह, सिद्धार्थ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।
Source link
NSS शिविर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जागरूकता:डॉ. विनोद सिंह ने छात्रों को सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित किया