- Hindi News
- National
- Nagpur Airforce Wife Rape & Conversion Accusation | Ex Classmate Arrested
नागपुर1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नागपुर में भारतीय वायुसेना (IAF) के एक अफसर की पत्नी से रेप, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्मांतरण मामले में एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में मुख्य आरोपी अय्याज मदारे और महिला फर्श पर बैठे दिख रहे हैं।
आरोपी उसके दोनों हाथ पकड़कर धार्मिक मंत्र पढ़ता और उसके चेहरे पर बार-बार फूंक मारता दिखाई दे रहा है। इस दौरान महिला खुद को बचाती हुई नजर आ रही है। वह रोते हुए ‘मुझे छोड़ दो’, ‘मुझे जाने दो’ भी कहती है।
पुलिस ने अय्याज मदारे और उसके एक साथी अमीन शेख को गिरफ्तार किया है। अय्याज महिला का पूर्व क्लासमेट रहा है। पुलिस अब महिला का धर्मांतरण कराने वाले मौलाना की तलाश कर रही है। मौलाना को ढूंढने के लिए एक टीम को मध्य प्रदेश भेजा गया है।
दो विजुअल्स, जिसमें महिला के धर्मांतरण का दावा-

महिला खुद को आरोपी से छुड़ाने की कोशिश करती दिखी।

आरोपी अय्याज उर्दू में मंत्र पढ़ते हुए महिला के चेहरे पर फूंक मार रहा था।
क्या है पूरा मामला?
24 साल की पीड़ित महिला के पति भारतीय वायुसेना में अफसर हैं और दूसरे शहर में तैनात हैं। महिला प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने का काम करती है। शिकायत के अनुसार फरवरी 2025 में उसके क्लासमेट अय्याज ने प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया था।
आरोपी ने प्रॉपर्टी डील के बहाने उसे होटल बुलाया। वहां नशीला पदार्थ पिलाकर रेप किया और अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल किया गया और करीब 4 लाख रुपए वसूले।
पीड़ित के मुताबिक, 31 मई को आरोपी उसे जबरन नागपुर के पास कलमेश्वर ले गए। वहां मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया गांव के एक मौलाना ने धार्मिक रस्में कराईं और उससे ‘कबूल है’ कहलवाया।
पीड़ित ने FIR में कहा कि आरोपी उसे एक बोतल से कोई तरल पदार्थ पिलाता था, फिर उर्दू में कुछ पढ़कर चेहरे पर फूंक मारता। वह इसे सम्मोहन या काला जादू बताता था। इसके बाद उसके साथ रेप किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रेप, बार-बार यौन शोषण, ब्लैकमेल, जबरन वसूली, जबरन धर्मांतरण और महाराष्ट्र अंधश्रद्धा एवं काला जादू विरोधी कानून की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
