सनी गुप्ता, संभल4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

संभल में राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता प्री परीक्षा-2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार बहजोई में यह बैठक हुई। परीक्षा 14 जून 2025 को एक पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
वित्त एवं राजस्व अधिकारी सत्य प्रियसिंह ने बताया कि जनपद में यह परीक्षा 06 केंद्रों पर होगी, जिसमें कुल 2656 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इन परीक्षा केंद्रों में जवाहर लाल मैमोरियल नगर पंचायत इंटर कॉलेज सिरसी, महात्मा गांधी डिग्री कॉलेज संभल, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज संभल, राजकीय महाविद्यालय हयातनगर, जेड. यू. इंटर कॉलेज सरायतरीन संभल और हिंद इंटर कॉलेज संभल शामिल हैं।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मी मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर सकेंगे। ड्यूटी पर लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पहचान के लिए अपना परिचय पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा एक निर्धारित एंक्लोजर में ही ली जाएगी।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी संभल को परीक्षा केंद्रों के पास टेंट, पेयजल और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ओआरएस और ग्लूकोस जैसी आवश्यक चिकित्सा सामग्री केंद्रों के पास उपलब्ध कराने को कहा गया। आयरिश स्कैन और बायोमेट्रिक से संबंधित कर्मियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों से परीक्षा को गंभीरता से लेने और इसे शुचितापूर्ण, शांतिपूर्ण तथा पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एएसपी कुलदीप सिंह, एसडीएम संभल निधि पटेल, एसडीएम चंदौसी नीतू रानी, डिप्टी कलेक्टर रामानुज, डिप्टी कलेक्टर आशुतोष तिवारी, उप कृषि निदेशक अरुण कुमार त्रिपाठी सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

