![]()
प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर पर इसी विभाग की बीटेक छात्रा ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर सोमवार को शिवकुटी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपित प्रोफेसर सौगतो राय को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मंगलवार सुबह उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी में है।
पढ़ाई में मदद के बहाने हुई थी प्रोफेसर से पहचान
छात्रा ने सोमवार दोपहर शिवकुटी थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। छात्रा के मुताबिक, कुछ समय पहले अवकाश के दौरान उसकी मां और बहन प्रयागराज आई थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात एमएनएनआईटी के कंप्यूटर साइंस विभाग में कार्यरत प्रोफेसर सौगतो राय से हुई।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि बातचीत के दौरान उसकी मां ने उसकी पढ़ाई में मदद करने के लिए प्रोफेसर से कहा था। प्रोफेसर इसके लिए तैयार हो गए। बाद में छात्रा के पिता भी प्रयागराज आए। आरोप है कि प्रोफेसर के कहने पर परिवार के सभी लोग उनके आवास पर डिनर के लिए गए। इसके बाद प्रोफेसर छात्रा को पढ़ाने के लिए अपने आवास पर बुलाने लगे।
स्नैपचैट पर शुरू हुई बातचीत
छात्रा के मुताबिक, छह अगस्त को उसके माता-पिता वापस चले गए। इसके बाद प्रोफेसर ने स्नैपचैट के माध्यम से उससे बातचीत शुरू की। आरोप है कि प्रोफेसर ने यह कहते हुए उसके मोबाइल में स्नैपचैट डाउनलोड कराया था कि रात में पढ़ाई के दौरान कोई दिक्कत होने पर वह उनसे पूछ सकती है।
छात्रा का आरोप है कि बाद में बातचीत के दौरान प्रोफेसर उससे आपत्तिजनक बातें भी करने लगे।
कमरे में बुलाकर हाथ पकड़ने और धमकाने का आरोप
छात्रा ने पुलिस को बताया कि नौ अगस्त की दोपहर करीब एक बजे प्रोफेसर ने उसे पढ़ाई के लिए अपने कमरे में बुलाया। आरोप है कि कमरे में पहुंचने के बाद प्रोफेसर ने उसके दोनों हाथ पकड़ लिए। छात्रा के मुताबिक, जब उसने विरोध किया और मदद के लिए आवाज लगाने की कोशिश की तो प्रोफेसर ने उसे धमकी दी कि अगर उसने शोर मचाया तो उसे परीक्षा में फेल करवा देंगे।
छात्रा का आरोप है कि इसके बाद प्रोफेसर ने उसके साथ रेप किया। किसी तरह वह वहां से निकली और बाद में पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, प्रोफेसर गिरफ्तार
छात्रा की तहरीर के आधार पर शिवकुटी पुलिस ने प्रोफेसर सौगतो राय के खिलाफ दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपित प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपित को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Source link
MNNIT में बीटेक छात्रा से रेप:प्रयागराज में कंप्यूटर साइंस डिपार्टमेंट का असिस्टेंट प्रोफेसर गिरफ्तार, बोली मदद के बहाने बुलाकर की वारदात