अतुल कुमार सिंह | लखनऊ5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

लखनऊ के 1090 चौराहे पर शनिवार को माँ जानकी सेवा न्यास की ओर से सुंदरकांड पाठ और हरित भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसकी पूरी जिम्मेदारी महिलाओं ने संभाली। सुंदरकांड पाठ से लेकर भंडारे की व्यवस्था और प्रसाद वितरण तक सभी कार्य महिलाओं ने मिलकर संपन्न किए। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को हनुमान चालीसा की किताब और हनुमान जी की माला का वितरण भी किया गया।
भंडारे में श्रद्धालुओं को पूरी, सब्जी, छोले, चावल और बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों के अनुसार, लगभग तीन हजार लोगों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। दोपहर में शुरू हुआ भंडारा कई घंटों तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

लखनऊ के 1090 चौराहे पर शनिवार को माँ जानकी सेवा न्यास की ओर से सुंदरकांड पाठ और हरित भंडारे का आयोजन किया गया।
मां जानकी सेवा न्यास की स्थापना लखनऊ की मातृशक्तियों ने की
इस अवसर पर नवयुग कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर मंजिला उपाध्याय ने बताया कि माँ जानकी सेवा न्यास की स्थापना लखनऊ की मातृशक्तियों ने की है। उन्होंने इसे एक अनूठा प्रयास बताया, जिसमें पूरी व्यवस्था महिलाओं ने स्वयं संभाली। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम और माता जानकी के आशीर्वाद से ज्येष्ठ माह के शनिवार को यह आयोजन किया गया।
भारतीय संस्कृति के मूल्यों को बढ़ावा दे रहा है
राज्य सूचना आयुक्त दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आदर्शों से प्रेरित माँ जानकी सेवा न्यास समाज सेवा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि सुंदरकांड का पाठ और भंडारे का संचालन महिलाओं ने ही संभाला। यह आयोजन नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के कई पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
