Lawyer Arrested in Rs 3200 Crore Pappu Chhuri Case

नूरुल अली | कानपुर2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कानपुर में 3200 करोड़ रुपये के अवैध लेनदेन और फर्जी खातों से जुड़े काले कारोबार के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी महफूज आलम उर्फ पप्पू छुरी के करीबी वकील फिरोज खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि फिरोज खान सिर्फ कानूनी सलाहकार नहीं था, बल्कि पूरे स्क्रैप कारोबार और फर्जी लेनदेन के हिसाब-किताब की निगरानी भी करता था।

पूर्वी डीसीपी के अनुसार, इस बड़े नेटवर्क का खुलासा फरवरी में थाना चकेरी के श्यामनगर इलाके में एक डकैती की वारदात से हुआ था। शुरुआत में पुलिस इसे सामान्य लूट मान रही थी, लेकिन गहन जांच के बाद 3200 करोड़ रुपये के अवैध लेनदेन का चौंकाने वाला मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी पप्पू छुरी और उसके गिरोह के खिलाफ चकेरी और जाजमऊ थानों में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज किए।

पुलिस की कार्रवाई में पप्पू छुरी समेत गिरोह के कई सदस्य पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। अब जांच में अधिवक्ता फिरोज खान की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, फिरोज खान बांसमंडी का निवासी है और लंबे समय से पप्पू छुरी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

जांच में पता चला है कि यह गिरोह गरीब, बेरोजगार और मजदूर वर्ग के लोगों को बीमा, लोन, पेंशन और सरकारी योजनाओं का लालच देता था। उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज हासिल कर फर्जी बैंक खाते और कंपनियां खोली जाती थीं, जिनके माध्यम से करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, इन फर्जी खातों का उपयोग स्क्रैप कारोबार में काले धन को सफेद करने के लिए किया जाता था। इस पूरे नेटवर्क के वित्तीय लेनदेन और खातों की निगरानी की जिम्मेदारी फिरोज खान पर थी। पुलिस को ऐसे कई दस्तावेज मिले हैं, जो दर्शाते हैं कि फिरोज खान फर्जी खातों और कंपनियों के संचालन में सीधे तौर पर शामिल था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *