Lalitpur Homeguard Exam April 2026

कुंदन पाल | ललितपुर7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

ललितपुर जिले में 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को होने वाली होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने मंगलवार शाम संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के सख्त निर्देश दिए।

यह परीक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही है। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पूर्व में सफलतापूर्वक कराई गई परीक्षाओं का हवाला देते हुए इस बार भी नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आपराधिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

सुरक्षा और चेकिंग को लेकर सख्त निर्देश

परीक्षा केंद्रों पर चेकिंग के दौरान कलावा और मंगलसूत्र नहीं उतरवाए जाएंगे, केवल उनकी जांच की जाएगी। सभी केंद्रों पर समय का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। चेकिंग के दौरान परीक्षार्थियों के साथ विनम्र व्यवहार करने और गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के लिए अलग-अलग बॉक्स निर्धारित किए गए हैं, जिनमें सामग्री को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान पर पूरी पाबंदी

सभी परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही चश्मा, टोपी और घड़ी जैसी वस्तुओं की भी सघन जांच की जाएगी। परीक्षार्थियों को केवल नीला/काला पेन, प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र ले जाने की अनुमति होगी। समय प्रबंधन के लिए सभी केंद्रों पर दीवार घड़ी लगाना अनिवार्य किया गया है।

सीसीटीवी से लाइव निगरानी

जिलाधिकारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लाइव मोड में रहेंगे। इनकी निगरानी जिला कंट्रोल रूम और पुलिस भर्ती बोर्ड दोनों स्तरों से की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को कैमरों का एंगल इस तरह सेट करने के निर्देश दिए कि पूरा परीक्षा कक्ष स्पष्ट दिखाई दे। साथ ही कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम को अलग-अलग रखने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद

पुलिस अधीक्षक मो0 मुश्ताक ने कहा कि ब्रीफिंग का गंभीरता से अध्ययन किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा को प्रभावित करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक दिन परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी परीक्षा कक्षों की गहन जांच की जाएगी। पूरे परिसर में पुलिस की चप्पे-चप्पे पर तैनाती रहेगी।

8 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा

अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में 8 परीक्षा केंद्रों पर 25, 26 और 27 अप्रैल को होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और जिला प्रशासन ने नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए पूरी तरह कमर कस ली है।

बैठक में रहे अधिकारी मौजूद

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, नोडल अधिकारी, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी, कंट्रोल रूम प्रभारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *