गोपाल गिरि | लखीमपुर-खीरी7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

लखीमपुर खीरी के मैगलगंज थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में रविवार तड़के एक डीसीएम से लगभग 200 लीटर डीजल चोरी हो गया। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें सफेद रंग की कार से आए चोर वारदात को अंजाम देते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, आढ़ती व्यापारी संजय गुप्ता की डीसीएम उनके घर के सामने खड़ी थी। सुबह करीब 5 बजे सफेद रंग की एक कार में सवार होकर कुछ बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने वाहन के टैंक से लगभग 200 लीटर डीजल निकाला और मौके से फरार हो गए।
घटना का पता चलने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें चोरों की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हो गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले भी सफेद कार सवार एक गिरोह ने क्षेत्र में कई वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस तरह की वारदात दोबारा सामने आने से वाहन मालिकों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस को इस घटना की सूचना दे दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है।
