कानपुर16 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नमस्कार, कानपुर की कल (मंगलवार) की बड़ी खबरें… बिजली बिलों में 10% फ्यूल सरचार्ज लगाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने मंडलायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन अपर मंडलायुक्त कार्यालय को सौंपा और अधिभार वापस लेने की मांग की।
नौबस्ता की आवास विकास चौकी से सस्पेंड दरोगा शैलेंद्र राघव और चौकी में तैनात दरोगा गौरव सिंह पर अवैध वसूली और धमकाने का आरोप लगा है, जिसकी शिकायत पीड़ित दरोगा के बेटे ने पुलिस कमिश्नर से की है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर को दिया। वीडियो में दरोगा आंसू पोछते हुए बोला- मैं हूं ना, हम लोग नहीं फंसते क्या? सब चलता है। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…।
सिलसिलेवार पढ़ें 10 खबरें-
1- कांग्रेस का प्रदर्शन, 10% फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का विरोध: ऊर्जा मंत्री के इस्तीफे की मांग

कानपुर में बिजली बिलों पर 10 प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज लगाए जाने के विरोध में मंगलवार को महानगर कांग्रेस ने मंडलायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर अधिभार वापस लेने की मांग की। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी और बिजली कटौती से जूझ रही जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खराब बिजली व्यवस्था, बढ़ते बिल और लगातार कटौती से आमजन, किसान, व्यापारी और छोटे उद्योग पहले ही परेशान हैं। कांग्रेस ने फ्यूल सरचार्ज वापस लेने के साथ ही ऊर्जा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए राज्यपाल से हस्तक्षेप कर निर्णय निरस्त कराने की अपील की। पढ़ें पूरी खबर…
2- वसूली में सस्पेंड दरोगा का अब सामने आया ऑडियो-VIDEO: आंसू पोछते हुए बोला- मैं हूं ना, हम लोग नहीं फंसते क्या? सब चलता है

कानपुर के नौबस्ता स्थित आवास विकास चौकी से अवैध वसूली के आरोप में सस्पेंड किए गए दरोगा शैलेंद्र राघव और दरोगा गौरव सिंह से जुड़ा नया वीडियो और ऑडियो सामने आया है। शिकायतकर्ता शिखर द्विवेदी ने पुलिस कमिश्नर को सात मिनट का वीडियो और 14 मिनट की ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपी है, जिसमें वह 10 हजार रुपये देने के बावजूद अपमानित होने की बात कहते हुए रोता नजर आ रहा है। वीडियो में दरोगा गौरव सिंह उसके आंसू पोंछते हुए उसे समझाते और यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “मैं हूं ना” और “हम लोग पुलिस वाले हैं, हम लोग नहीं फंसते क्या, ये सब चलता रहेगा।” पीड़ित का आरोप है कि चौकी में 25 हजार रुपये की मांग की गई थी और 10 हजार रुपये लेने के बाद उसे छोड़ा गया। मामले में पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर शिकायत, वायरल वीडियो और चौकी के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…
3- बुधवार से फिर बदलेगा मौसम, बारिश का अलर्ट, 5 दिनों में पारा 10°C तक गिरा

कानपुर में जून की शुरुआत गर्मी से बड़ी राहत लेकर आई है। पिछले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। 28 मई को 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा पारा 1 जून को घटकर 35.2 डिग्री सेल्सियस रह गया। सोमवार दोपहर बाद आसमान में बादल छाने और शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। सीएसए विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कैस्पियन सागर क्षेत्र से आ रही नमी के प्रभाव से अगले 48 घंटों तक बादल, आंधी और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर…
4- रूपानी चप्पल फैक्ट्री में मजदूरों का प्रदर्शन: बोले- ओवरटाइम का वेतन नहीं मिलता, 12 घंटे काम कर रहे, PF- ESI की सुविधा नहीं

कानपुर के दादा नगर स्थित रूपानी चप्पल फैक्ट्री के बाहर सैकड़ों मजदूरों ने वेतन और श्रमिक सुविधाओं को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे 12-12 घंटे काम कराया जाता है, लेकिन ओवरटाइम और नाइट ड्यूटी का अतिरिक्त भुगतान नहीं दिया जाता। साथ ही पीएफ, ईएसआई, पीने के पानी, कूलर और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। मजदूरों ने आरोप लगाया कि मांग उठाने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है और कई बार छुट्टी के समय गेट बंद कर जबरन काम कराया जाता है। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। पढ़ें पूरी खबर…
5- न्यू कानपुर सिटी के किसानों की KDA में नारेबाजी: बिना मुआवजा दिए जमीन ली, बैठक के लिए बुलाया, लेकिन समाधान नहीं निकला

न्यू कानपुर सिटी योजना से प्रभावित गांवों के किसानों ने सोमवार को केडीए कार्यालय पहुंचकर मुआवजे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की और मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। किसानों का आरोप है कि उनकी जमीन को बिना उचित मुआवजा दिए योजना में शामिल कर लिया गया है। शनिवार को अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान का आश्वासन देकर सोमवार को बैठक के लिए बुलाया गया था, लेकिन किसानों के अनुसार उच्च अधिकारी बैठक में मौजूद नहीं रहे और उनकी समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकला। भारतीय किसान यूनियन (भानू) के मंडल अध्यक्ष अमित राजपूत ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं एसडीएम डॉ. रवि प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों की मांगों और समस्याओं से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा तथा मुआवजे से जुड़े मामलों की समीक्षा की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर…
6- छात्रा समेत 3 लोगों ने किया सुसाइड: संपत्ति विवाद में लगाया हत्या का आरोप, मंदिर से दर्शन कर लौटे युवक ने दी जान

कानपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छात्रा समेत तीन लोगों की मौत के मामले सामने आए हैं। सचेंडी के जुगराजपुर गांव में 17 वर्षीय दिव्यांशी का शव घर में फंदे से लटका मिला, जबकि पिता ने संपत्ति विवाद को लेकर परिजनों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं नौबस्ता के दलनपुर में बांदा से मंदिर दर्शन कर लौटे 25 वर्षीय शिवम ने देर रात कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। इसके अलावा स्वरूप नगर के बेनाझाबर क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद 34 वर्षीय नगीना का शव कमरे में लटका मिला। तीनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है। पढ़ें पूरी खबर…
7- तीन दिन का जल संकट: काकादेव, पांडुनगर और गीतानगर में पानी की सप्लाई ठप रहेगी, 1 लाख की आबादी होगी प्रभावित

कानपुर के काकादेव, नवीननगर, गीतानगर, पांडुनगर समेत आसपास के क्षेत्रों की करीब एक लाख आबादी को अगले तीन दिन पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा। जलकल विभाग के अनुसार राजापुरवा मलिन बस्ती में नगर निगम द्वारा जल निकासी पाइप लाइन बिछाने के दौरान बेनाझाबर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से काकादेव जोनल पंपिंग स्टेशन को जाने वाली मुख्य पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इसकी मरम्मत 2 से 4 जून तक की जाएगी, जिसके चलते इस अवधि में जलापूर्ति बाधित रहेगी। विभाग ने प्रभावित इलाकों में टैंकरों से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है और जरूरत पड़ने पर लोगों से जलकल विभाग के अधिकारियों व कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की है। पढ़ें पूरी खबर…
8- चलती कार में असलहा लहराया: युवक-युवती ने बनाई इंस्टाग्राम रील, पुलिस ने शुरू की जांच

कानपुर में चलती कार में असलहा लहराते युवक और उसके साथ बैठी युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चकेरी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो युवक की इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया था, जहां असलहों के साथ उसकी कई अन्य तस्वीरें और वीडियो भी मौजूद बताए जा रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि वीडियो में दिख रहा असलहा लाइसेंसी है या अवैध, साथ ही युवक-युवती की पहचान भी की जा रही है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर…
9- कल्याणपुर में रिवाल्वर साफ करने में बेटी को लगी गोली: बाएं हाथ को छूकर पेट में जा धंसी

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बरासिरोही में लाइसेंसी रिवाल्वर की सफाई के दौरान अचानक चली गोली पिता को पानी देने आई उनकी बेटी के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शुद्ध प्लस कंपनी के मालिक की गाड़ी चलाने वाले विनय तिवारी घर पर रिवाल्वर साफ कर रहे थे, तभी उनकी बेटी अनुपमा पानी लेकर कमरे में पहुंची और अचानक फायर हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और लाइसेंसी रिवाल्वर व लाइसेंस अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार पिता और बेटी दोनों ने पूछताछ में इसे सफाई के दौरान हुई दुर्घटना बताया है, हालांकि मामले की गहन जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…
10- कानपुर में लेबर प्रदर्शन और वैश्विक संकट से उद्योग बेहाल: चेयरमैन बोले-फैक्ट्री बंद करने के अलावा चारा नहीं, 50% इडस्ट्री खत्म होने की कगार पर

कानपुर की औद्योगिक इकाइयां वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, बढ़ती लागत और श्रमिक आंदोलनों के दबाव से गंभीर संकट का सामना कर रही हैं। कानपुर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट को-ऑपरेटिव इस्टेट लिमिटेड के चेयरमैन विजय कपूर ने दावा किया कि दादानगर औद्योगिक क्षेत्र की करीब 50 फीसदी इंडस्ट्री खत्म होने की कगार पर है और कई फैक्ट्री मालिक कारोबार बंद करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि युद्धजनित वैश्विक हालात के चलते गैस, पेट्रोल, डीजल और कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी से उद्योग पहले ही संकट में हैं, वहीं श्रमिक प्रदर्शनों ने स्थिति और कठिन बना दी है। ऑल इंडिया टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के यूपी चेयरमैन बलराम नरूला ने भी उद्योगों की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए सरकार से हस्तक्षेप कर उद्योगों को राहत देने और उन्हें संकट से उबारने की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर…
