Kanpur IPL Betting Racket Busted, Rs 3.5 Crore Seized

कानपुर5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, कानपुर में कल (बुधवार) की बड़ी खबरें… कानपुर में मोबाइल एप के जरिए IPL मैच में सट्टा लगवाने वाले 5 आरोपी पकड़े गए हैं। पुलिस ने इनके पास से 3.91 करोड़ रुपए बरामद किए हैं। सटोरियों ने नोट गिनने के लिए दिल्ली से 35-35 हजार की 3 मशीनें और एक करेंसी चेकिंग मशीन मंगवाई थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 500 की 146, 200 की 21 और 100 की 11 गडि्डयां बरामद हुईं। 6 पुलिसकर्मियों ने 3 मशीनों से करीब 2 घंटे में रुपए गिने। वहीं, महिला आरक्षण बिल को लेकर बुधवार को कानपुर में बीजेपी युवा मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया।

शहर में गैस की किल्लत बनी हुई है। तेज धूप और 44 डिग्री तापमान में गैस एजेंसी के बाहर लंबी लाइनें लगी हुई हैं। लोगों का कहना है- हम लोग सुबह 8 बजे से लाइनों में खड़े हैं। यहां लोग महीनों से सिलेंडर के लिए जेके मंदिर के पास भगवतदास इंडेन गैस एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहा है। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

सिलसिलेवार पढ़िए 10 बड़ी खबरें…

1ः ऐशान्या बोलीं- आतंकवाद जब तक जिंदा, इंसाफ अधूरा:पहलगाम में जिंदगीभर का दर्द मिला, पहली एनिवर्सरी तक नहीं मना पाई

पहलगाम आतंकी हमला आज से ठीक एक साल पहले 22 अप्रैल को हुआ था। आतंकियों ने नाम और मजहब पूछकर 26 लोगों की हत्या की थी। कानपुर के रहने वाले 30 साल के शुभम द्विवेदी को उनकी पत्नी ऐशान्या के सामने सिर में गोली मारी गई। दो महीने पहले ही शुभम-ऐशान्या की शादी हुई थी।

आतंकी हमले के एक साल बाद भी शुभम को यादकर ऐशान्या की आंखों में आंसू आ जाते हैं। कहती हैं- न एनिवर्सरी मना पाई, न कोई त्योहार। अब तो बस यादें ही हैं और रही बात जस्टिस की तो जब तक आतंकवाद जड़ से खत्म नहीं हो जाता, चैन नहीं मिलेगा। पढ़ें पूरी खबर…

2ः कानपुर में जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग:संकरी गली में फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच सकी, लंबी पाइप बिछानी पड़ी; 20 मीटर ऊंची लपटें उठीं

कानपुर के जाजमऊ क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ ही देर में पूरी टेनरी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें करीब 20 मीटर ऊंची उठती दिखीं। सूचना पर पहुंची दमकल की टीमों ने 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

वाजिदपुर स्थित एसएच इंटरनेशनल नाम की इस फैक्ट्री के मालिक नौशाद अहमद ने बताया कि उन्हें रात करीब 8 बजे आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी। उन्होंने 7 दिन पहले ही जूता फिनिशिंग का करीब 2 करोड़ रुपए का नया सेटअप लगाया था, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गया। पढ़ें पूरी खबर…

3ः पुलिस ने 2 घंटे में गिने साढ़े 3 करोड़ रुपए:कानपुर में IPL का सट्टा लगाने वाले 5 गिरफ्तार, नोट इतने कि मशीन मंगानी पड़ी

कानपुर में मोबाइल एप के जरिए IPL मैच में सट्टा लगवाने वाले 5 आरोपी पकड़े गए हैं। पुलिस ने इनके पास से 3.91 करोड़ रुपए बरामद किए हैं। सटोरियों ने नोट गिनने के लिए दिल्ली से 35-35 हजार की 3 मशीनें और एक करेंसी चेकिंग मशीन मंगवाई थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 500 की 146, 200 की 21 और 100 की 11 गडि्डयां बरामद हुईं। 6 पुलिसकर्मियों ने 3 मशीनों से करीब 2 घंटे में रुपए गिने। दो आरोपी कार्तिक लखवानी और राजकुमार अवैध बेटिंग एप में रकम लगवाते थे। कल्पेश, रवि नाई और विष्णु कैश लाने ले जाने का काम करते थे। पढ़ें पूरी खबर…

4ः हत्यारा पिता रोकर बोला- जुड़वां बेटियां मेरी जान थीं…:चापड़ से गला नहीं काट सकता था, इसलिए हथौड़ा खरीदा था, आंख बंद कर वार किए

कानपुर में पिता ने अपनी जुड़वां बेटियों के कत्ल के लिए चापड़ और हथौड़ा मूलगंज से खरीदा था। पुलिस की पूछताछ में उसने कबूला- मैं अपनी जुड़वां बेटियों का चापड़ से गला रेतना चाहता था, लेकिन मैं अपनी बच्चियों को जान से ज्यादा प्यार करता था।

उन्हें इस तरह से गला रेतने की हिम्मत नहीं बना सका। अगर उनका गला काटता तो वह बहुत तड़पती। इसलिए मैंने उन्हें एक झटके में मारने की ठानी। बच्चियों को बेहोश करने के बाद मैंने उनके गर्दन में चापड़ रखी। एक झटके में हथौड़े से एक के बाद एक चापड़ से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। मैं बच्चियों को इस हालत में नहीं देख सकता था, इसलिए हथौड़ा चलाने से पहले मैंने अपनी आंखें बंद कर ली थी। पढ़ें पूरी खबर…

5ः कानपुर में अखिलेश दुबे की लिगामेंट सर्जरी होगी:उर्सला हॉस्पिटल में चल रहा इलाज, डॉक्टर बोले- फिटनेस और ब्लड रिपोर्ट का इंतजार

कानपुर के उर्सला अस्पताल में एडवोकेट अखिलेश दुबे की लिगामेंट इंजरी की सर्जरी अगले सप्ताह किए जाने की तैयारी शुरू कर दी है। अखिलेश दुबे को भाजपा नेता से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के आरोप में जेल भेजा गया था। बाद में उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए कानपुर के उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

6 मार्च को भर्ती हुए अखिलेश दुबे का इलाज पहले आईसीयू में फिजीशियन और हड्डी रोग विशेषज्ञों की निगरानी में चल रहा था। इस दौरान उनकी मानसिक स्थिति को देखते हुए मनोचिकित्सक की भी देखरेख में रखा गया। एमआरआई जांच में उनके पैर के घुटने के जोड़ में लिगामेंट इंजरी की पुष्टि हुई है। पढ़ें पूरी खबर…

6ः कानपुर में महिलाओं ने राहुल-अखिलेश का पुतला फूंका:महिला आरक्षण बिल पर बीजेपी युवा मोर्चा का प्रदर्शन, विपक्ष पर लगाए आरोप

कानपुर में महिला आरक्षण बिल को लेकर बुधवार को कानपुर में बीजेपी युवा मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला मंत्री एडवोकेट मीनाक्षी गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित न होने को लेकर विरोध जताया और विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा।

दोपहर करीब 12 बजे गुमटी चौराहा स्थित रामकृष्ण नगर के पास बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एकत्र हुए। इस दौरान राहुल गांधी और अखिलेश यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और उनके पुतलों को आग के हवाले कर दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…

7ः सिलेंडर के लिए एक महीने से चक्कर लगा रहे:कानपुर में लोग बोले- महिलाओं के साथ बदतमीजी हो रही, गैस ब्लैक में बिक रहा

कानपुर में गैस की किल्लत बनी हुई है। तेज धूप और 44 डिग्री तापमान में गैस एजेंसी के बाहर लंबी लाइनें लगी हुई हैं। लोगों का कहना है- हम लोग सुबह 8 बजे से लाइनों में खड़े हैं। यहां लोग महीनों से सिलेंडर के लिए जेके मंदिर के पास भगवतदास इंडेन गैस एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहा है।

लोगों का कहना है कि पहले KYC और DAC कराना पड़ता है, उसके बाद सिलेंडर लेने के लिए अलग से लाइन लगानी पड़ती है। साथ ही, गैस एजेंसी संचालक पर अवैध वसूली के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। इस पूरे प्रोसेस को पूरा करने में एक महीना लग जाता है। अब इस परेशानी से घर के साथ-साथ बच्चों को भी दिक्कत हो रही है। पढ़ें पूरी खबर…

8ः जू ट्रेन 3 साल से बंद-जर्जर ट्रैक पर उगी झाड़ियां:2 साल पहले चलाने का अप्रूवल मिला था, 2022 में महिला की मौत के बाद बंद हुई थी ट्रेन

कानपुर चिड़ियाघर में चलने वाली टॉय ट्रेन 3 साल से बंद पड़ी है। आखिर यह ट्रेन कब शुरू हो पाएगी, इस बात की जानकारी चिड़ियाघर प्रशासन को नहीं है। 26 नवंबर 2022 को चकेरी के सफीपुर की रहने वाली एक शिक्षिका अंजू शर्मा की ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर बोगी के नीचे आने से मौत हो गई थी। इसके बाद यह ट्रेन बंद कर दी गई थी।

इसके बाद शासन ने इस पूरे मामले की जांच कराई थी, जिसमें कुछ खामियां भी सामने आई थीं। शासन ने कमियों को दूर करने के बाद साल 2024 में टॉय ट्रेन को चलाने के लिए मंजूरी दे दी थी। लेकिन मंजूरी के 2 साल बाद भी ट्रेन पटरियों पर नहीं दौड़ सकी है। आखिर यह ट्रेन कब शुरू हो पाएगी, इस सवाल का जवाब चिड़ियाघर प्रशासन के पास भी नहीं है। पढ़ें पूरी खबर…

9ः स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर सियासत:300 यूनिट फ्री बिजली के वादे पर भाजपा ने कहा- मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे अखिलेश

यूपी में स्मार्ट प्रीपेड मीटर अब सियासी मुद्दा बन गया है। बिजली के बढ़े बिल और धनराशि जमा करने के बाद भी निगेटिव बैलेंस की शिकायतों के बाद सरकार ने जांच समिति का गठन किया है। इसके साथ ही स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने पर रोक लगा दी गई है।

इधर अखिलेश ने इस मुद्दे पर यूपी की सत्ता में आने पर 300 यूनिट फ्री बिजली देने का ऐलान किया है। इस पर बीजेपी ने कहा कि वह मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। सपा अब बदनाम ब्रांड बन चुकी है, इन पर किसी को विश्वास नहीं है। पढ़ें पूरी खबर…

10ः स्टेशन पहुंचीं RPF डीजी, बोलीं-भीड़ वाले सीजन में अलर्ट रहें:गर्मी में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें; होल्डिंग एरिया और ट्रैफिक प्लान पर मंथन किया

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को RPF की महानिदेशक (डीजी) सोनाली मिश्रा ने गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिविल पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, RPF और GRP अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। रेलवे अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर का जायजा लेते हुए उन्होंने बताया कि यह निरीक्षण रेल मंत्री के निर्देशों पर किया जा रहा है।

डीजी ने त्योहारों, प्रतियोगी परीक्षाओं और शादियों के सीजन में बढ़ने वाली भीड़ को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने से अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है। इसे नियंत्रित करने के लिए बेहतर योजना और सभी विभागों के बीच समन्वय जरूरी है, ताकि यात्री होल्डिंग एरिया से प्लेटफॉर्म और ट्रेन तक आसानी से पहुंच सकें। पढ़ें पूरी खबर….

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.