कानपुर देहात2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

93 हजार की लूट के आरोप में नया मोड़, CCTV में ट्राला रोकते दिखे बाइक सवार।
कानपुर देहात के सिकंदरा में मंगलवार शाम 7 बजे ट्राला चालक से मारपीट कर 93 हजार रुपये की रोकड़ लूटने के आरोप वाले मामले में अब सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। सामने आए फुटेज में कुछ बाइक सवार ट्राला के आगे बाइक लगाकर उसे रोकते दिखाई दे रहे हैं।
इसके बाद चालक को ट्राला से नीचे उतारने का भी घटनाक्रम नजर आ रहा है। हालांकि, इसके आगे की पूरी घटना कैमरे में कैद नहीं हो सकी, क्योंकि इसी दौरान एक दूसरा ट्राला बीच में आकर खड़ा हो गया। मामला सिकंदरा कस्बे के राजपुर रोड स्थित प्रिन्सी ट्रेडर्स के सामने का है।
आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया
मंगलवार शाम करीब 7 बजे ट्राला चालक सौरभ यादव छिबरामऊ से मौरंग बेचकर वापस लौट रहा था। चालक के मुताबिक, पटेल चौक पार करने के बाद प्रिन्सी ट्रेडर्स के पास पहुंचते ही करीब आधा दर्जन बाइक सवार लोगों ने ट्राला के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया।

93 हजार लूट का आरोप, CCTV में कैद हुई शुरुआती घटना।
सीसीटीवी फुटेज में भी ट्राला के सामने बाइक लगाकर उसे रोकने का दृश्य दिखाई दे रहा है। इसके बाद बाइक सवार ट्राला के पास पहुंचते हैं और चालक को नीचे उतारते नजर आते हैं। इसी बीच एक दूसरा ट्राला वहां से गुजरते हुए बीच में खड़ा हो जाता है, जिससे आगे की गतिविधियां कैमरे में दिखाई नहीं देतीं।
चालक सौरभ यादव का आरोप है कि बाइक सवारों ने उसके साथ मारपीट की और ट्राला में रखी 93 हजार रुपये की रोकड़ लेकर फरार हो गए। चालक के अनुसार, इसमें छिबरामऊ में मौरंग बिक्री से मिले 63 हजार रुपये और पहले से रखे करीब 30 हजार रुपये शामिल थे।
चालक और परिचालक के बयान दर्ज
घटना के बाद चालक ने वाहन मालिक दीपू सिंह को सूचना दी। वाहन मालिक मौके पर पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने चालक और परिचालक के बयान दर्ज किए हैं। सिकंदरा थाना प्रभारी सुधाकर सिंह का कहना है कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
