IIM लखनऊ में 807 छात्रों को मिली डिग्री:संस्थान को 'ट्रिपल क्राउन' मान्यता, बजाज समूह के संजीव बोले- बिजनेस गोल सेट करें


भारतीय प्रबंधन संस्थान, लखनऊ में गुरुवार को 40वां दीक्षांत समारोह उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में 807 छात्र-छात्राओं को उनकी मेहनत और उपलब्धियों के लिए डिग्रियां प्रदान की गईं। इस बार का समारोह संस्थान के लिए खास रहा, क्योंकि IIM लखनऊ को प्रतिष्ठित ‘ट्रिपल क्राउन’—EQUIS, AACSB और AMBA की मान्यता भी मिल चुकी है, जिससे यह दुनिया के चुनिंदा बिजनेस स्कूलों में शामिल हो गया है। समारोह के मुख्य अतिथि बजाज ग्रुप के संजीव बजाज रहे। कहा- छात्रों को बदलते वैश्विक माहौल में आगे बढ़ने के लिए नवाचार, नेतृत्व और निरंतर सीखते रहना चाहिए। बिजनेस गोल को सेट कर उसे पाने के लिए मेहनत करनी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता एन. चंद्रशेखरन ने की। कहा- संस्थान का लक्ष्य ऐसे लीडर्स तैयार करना है, जो जटिल कारोबारी चुनौतियों का समाधान दे सकें। AI और टेक्नोलॉजी आधारित नए कोर्स शुरू किए जाएंगे इस मौके पर अलग-अलग कोर्सों के छात्रों को डिग्रियां दी गईं। MBA के 504, एग्री बिजनेस के 55, इंटरनेशनल प्रोग्राम के 114, वर्किंग एग्जीक्यूटिव्स के 64, सस्टेनेबल मैनेजमेंट के 46 और PhD व फेलो प्रोग्राम के 24 छात्रों को सम्मानित किया गया। संस्थान के निदेशक प्रो. एम.पी. गुप्ता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आने वाले समय में AI और टेक्नोलॉजी आधारित नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। साथ ही इंटीग्रेटेड ड्यूल डिग्री जैसे कार्यक्रम भी शुरू करने की तैयारी है। मेधावी छात्रों को सम्मानित किया समारोह में मेधावी छात्रों को मेडल और अवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया। PGP कोर्स में जे. सौंदर्या ने चेयरमैन गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि वंशिता गोयंका को डायरेक्टर मेडल मिला। संचिता और गार्गी म्हस्कर ने भी अपने-अपने वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बेस्ट गर्ल स्टूडेंट अवॉर्ड इस बार संयुक्त रूप से जे. सौंदर्या और वंशिता गोयंका को दिया गया। अन्य कोर्सों में रौनक दे, कार्तिक गुप्ता, विनी श्रीवास्तव और अविनाश दास ने टॉप कर मेडल अपने नाम किए। समारोह में मेधावियों की चमक सबसे अलग नजर आई। कड़ी मेहनत और लगन से छात्रों ने न सिर्फ बेहतरीन प्रदर्शन किया, बल्कि अपने सपनों को भी नई उड़ान दी। मंच पर सम्मान पाते हुए हर छात्र की आंखों में खुशी और भविष्य के सपने साफ झलक रहे थे। पुणे की गार्गी बनीं ‘बेस्ट ऑलराउंडर’ पुणे (महाराष्ट्र) की गार्गी को हरिशंकर सिंघानिया ‘बेस्ट ऑलराउंडर’ मेडल से सम्मानित किया गया। मंच पर जब उनका नाम पुकारा गया तो तालियों की गूंज देर तक सुनाई देती रही। गार्गी ने कहा- कभी नहीं सोचा था कि इतनी बड़ी उपलब्धि मिलेगी। MBA के दौरान उन्होंने पढ़ाई के साथ स्पोर्ट्स, पब्लिक स्पीकिंग और अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वह कॉलेज की थ्रोबॉल और महिला क्रिकेट टीम का भी अहम हिस्सा रहीं। उनका लक्ष्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। चेन्नई की सौंदर्या बनीं नंबर-1, BCG में करेंगी जॉइन
चेन्नई की सौंदर्या ने ‘इंस्टीट्यूट रैंक 1’ हासिल कर ‘चेयरमैन मेडल’ अपने नाम किया। उन्होंने इस सफलता को दो साल की कड़ी मेहनत का नतीजा बताया। सौंदर्या अब बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (BCG) में सीनियर एसोसिएट के रूप में नई पारी शुरू करेंगी। उनका कहना है कि वह कंपनियों को बेहतर रणनीति और भविष्य की दिशा देने में योगदान देना चाहती हैं। पटना की संचिता को चेयरमैन मेडल
पटना (बिहार) की संचिता को PGP चेयरमैन मेडल से नवाजा गया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार को देते हुए कहा-मेरा सबसे बड़ा सपना अपने माता-पिता को खुश देखना है। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा दें। वंशिता को डायरेक्टर्स मेडल, स्टार्टअप का सपना
राजस्थान मूल की वंशिता गोयंका, जो फिलहाल दिल्ली में रह रही हैं, को ‘डायरेक्टर्स मेडल’ से सम्मानित किया गया। यह अवॉर्ड संस्थान में दूसरे स्थान पर आने वाले छात्र को दिया जाता है। वंशिता भी जल्द ही BCG में कंसल्टेंसी जॉइन करेंगी। उनका सपना भविष्य में अपना स्टार्टअप शुरू करना है, खासकर लड़कियों की शिक्षा के क्षेत्र में काम करना चाहती हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *