Hardoi BJP Seats 2027 Election Claim by Naresh Agrawal

शाहनवाज खान | हरदोई4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

हरदोई में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने रविवार दोपहर 3:30 बजे प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा, भारत अपनी मजबूत विदेश नीति, रक्षा नीति और विकास कार्यों के कारण वैश्विक स्तर पर अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है। उन्होंने बताया कि युद्धरत देशों के बीच शांति स्थापित कराने में भारत की भूमिका से देश की अंतरराष्ट्रीय साख बेहद मजबूत हुई है।

पूर्व सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘योगी मॉडल’ (कानून-व्यवस्था एवं विकास) के कारण जनता का विश्वास भाजपा पर लगातार बढ़ा है। इसी आधार पर पार्टी आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जिले की सभी आठ सीटों पर भाजपा की जीत तय है।

स्थानीय राजनीति और विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर रहकर विरोध करना उचित नहीं है। पूर्व सांसद ने स्पष्ट किया कि यदि भाजपा का कोई नेता उनका विरोध करना चाहता है, तो उसे पहले पार्टी से इस्तीफा देना चाहिए और फिर खुलकर सामने आना चाहिए।

उन्होंने विरोधियों पर हरदोई के विकास की अनदेखी करने और भ्रामक प्रचार फैलाने का आरोप लगाया। अग्रवाल ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी किसी अपराधी को संरक्षण नहीं दिया और कानून-व्यवस्था को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने हरदोई की जनता और कार्यकर्ताओं के विश्वास को अपनी सबसे बड़ी राजनीतिक पूंजी बताया। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला आदि मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *