Gonda Cattle Electrocution CCTV Footage; Power Pole Death

गोंडा4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

गोंडा जिले में बिजली विभाग की लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। आज बुधवार सुबह आवास विकास द्वितीय स्थित विद्युत उपकेंद्र के पीछे एक बिजली के पोल में उतर रहे करंट की चपेट में आने से एक मवेशी की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सुबह 7:34 बजे एक छोटा मवेशी पानी से होकर सड़क पर जा रहा था।

विद्युत पोल से लगभग एक फुट की दूरी पर उसका संतुलन बिगड़ा और वह पोल से टकरा गया, जिसके बाद करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। स्थानीय निवासियों ने जेसीबी की मदद से मवेशी का अंतिम संस्कार किया। अब वे इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थानीय निवासी शशांक मिश्रा ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने कई बार बिजली विभाग के जेई को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया या काट दिया।

इसके बाद उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया, तब जाकर बिजली काटी गई। मिश्रा ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनकी लगातार लापरवाही से कई घटनाएं हो चुकी हैं, और हाल ही में एलबीएस चौराहे के पास एक लड़के की भी मौत हुई थी। इस संबंध में गोंडा के अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार यादव ने बताया कि उन्हें पूरी घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है ताकि यह पता चल सके कि किन परिस्थितियों में यह घटना हुई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *