न्यूयॉर्ककुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

स्पेन ने 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। टीम ने न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में 2022 की चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराया। स्पेन के लिए एक्स्ट्रा टाइम में फेरन टोरेस ने गोल किया। इसी के साथ स्पेन ने 2010 के बाद दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। तब टीम ने नीदरलैंड को 1-0 से हराया था।

मार्टिनेज ने 100 मिनट तक अकेले लड़ाई लड़ी
अगर यह मुकाबला 90 मिनट तक बराबरी पर रहा तो इसकी सबसे बड़ी वजह अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज थे। स्पेन पूरे मैच में लगातार अटैक करता रहा। कभी लामिन यमाल ने बॉक्स के बाहर से शॉट लगाया, कभी ओयारजाबाल ने मौका बनाया तो कभी पेड्री और निको विलियम्स गोल के करीब पहुंचे। हर बार मार्टिनेज ने खुद को गेंद और गोलपोस्ट के बीच खड़ा कर दिया।
कई बार ऐसा लगा कि स्पेन अब गोल कर देगा, लेकिन हर बार मार्टिनेज ने उसे रोक दिया। लेकिन फुटबॉल में लगातार दबाव आखिरकार असर दिखाता है। 106वें मिनट में निको विलियम्स का हेडर फेरन टोरेस तक पहुंचा और इस बार मार्टिनेज भी कुछ नहीं कर सके।

अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने 100 मिनट तक स्पेन को गोल नहीं करने दिया।
एंजो का रेड कार्ड… और यहीं पलट गया फाइनल
90 मिनट तक अर्जेंटीना किसी तरह मुकाबले में बनी रही। टीम का पूरा भरोसा पेनल्टी शूटआउट पर था, लेकिन इंजरी टाइम में एंजो फर्नांडीज ने ऐसी गलती कर दी, जिसने पूरी बाजी बदल दी।
पाउ क्यूबार्सी पर टैकल के बाद रेफरी ने एंजो को दूसरा यलो कार्ड दिखाया और फिर रेड कार्ड। अर्जेंटीना 10 खिलाड़ियों के साथ रह गई। इसके बाद स्पेन ने गेंद पर और ज्यादा कब्जा जमा लिया।

एंजो फर्नांडीज को एक्स्ट्रा टाइम में रेड कार्ड दिखाया गया।
मेरिनो चूके… टोरेस ने इतिहास लिख दिया
103वें मिनट में निको विलियम्स ने ऐसा क्रॉस डाला, जिसे देखकर स्पेनिश फैंस जश्न मनाने को तैयार हो गए थे। मिकेल मेरिनो को लगभग खाली गोल मिला, लेकिन उनका हेडर बाहर चला गया।
तीन मिनट बाद वही निको विलियम्स फिर बाएं फ्लैंक से पहुंचे। इस बार उन्होंने बैक पोस्ट पर हेडर से गेंद फेरन टोरेस के सामने गिराई। फेरन टोरेस ने बिना एक पल गंवाए दाएं पैर से ऐसा शॉट लगाया कि गेंद सीधे नेट में जा समाई।

फेरन टोरेस के गोल ने स्पेन को जीत दिला दी।
यमाल ने मेसी की चमक फीकी कर दी
यह फाइनल एक तरह से दो पीढ़ियों का मुकाबला भी था। एक तरफ 39 साल के लियोनेल मेसी थे, दूसरी ओर 20 साल के लामिन यमाल।
मेसी से उम्मीद थी कि वे एक बार फिर बड़े मैच में कमाल कर दिखाएंगे, लेकिन स्पेन की मिडफील्ड और डिफेंस ने उन्हें कभी खुलकर खेलने का मौका ही नहीं दिया। दूसरी ओर यमाल लगातार अर्जेंटीना के डिफेंस पर हमला करते रहे।

2007 में एक फोटोशूट के दौरान 20 साल के लियोनेल मेसी ने 6 महीने के लामिन यमाल को गोद में उठाया था। अब यमाल ने मेसी को फाइनल में हरा दिया।
स्पेन की पहचान फिर बनी बॉल पजेशन
स्पेन की पहचान हमेशा से गेंद पर नियंत्रण रखने वाली टीम की रही है। इस फाइनल में भी वही अंदाज दिखा। रोड्री ने मिडफील्ड में पूरे मैच की रफ्तार तय की। अर्जेंटीना को काउंटर अटैक का मौका ही नहीं मिला। स्पेन ने करीब 65% समय गेंद अपने पास रखी।
आखिरी सीटी के बाद जश्न… और फिर लड़ाई
रेफरी की अंतिम सीटी बजते ही स्पेनिश खिलाड़ी मैदान पर दौड़ पड़े। कोई घुटनों के बल बैठ गया, कोई आसमान की ओर देखने लगा, तो कोई अपने साथी खिलाड़ियों से लिपट गया। 16 साल का इंतजार खत्म हो चुका था।
दूसरी ओर अर्जेंटीना के खिलाड़ियों की निराशा साफ दिखाई दे रही थी। कुछ देर बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच नोकझोंक भी हुई, लेकिन मामला जल्द शांत हो गया। इसके बाद ट्रॉफी स्पेन के कप्तान के हाथों में पहुंची और पूरा स्टेडियम ‘वीवा एस्पाना’ (स्पेन जिंदाबाद) के नारों से गूंज उठा।

मैच खत्म होने के बाद दोनों टीम के खिलाड़ी आपस में भिड़ गए।
एम्बाप्पे ने जीता गोल्डन बूट, मेसी दूसरे नंबर पर रहे
फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा गोल फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे ने किए। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 10 गोल और 4 असिस्ट के साथ गोल्डन बूट अपने नाम किया। अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी 8 गोल और 4 असिस्ट के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

ड्रॉ से शुरुआत, जीत के साथ खत्म हुआ स्पेन का सफर
स्पेन ने वर्ल्ड कप की शुरुआत केप वर्डे के खिलाफ ड्रॉ से की थी, लेकिन इसके बाद टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। ग्रुप स्टेज में सऊदी अरब को 4-0 और उरुग्वे को 1-0 से हराकर नॉकआउट में जगह बनाई। इसके बाद स्पेन ने लगातार ऑस्ट्रिया, पुर्तगाल, बेल्जियम और फ्रांस जैसी मजबूत टीमों को हराया।

एम्बाप्पे के नाम सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप गोल
फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 ने सबसे बड़ा रिकॉर्ड गोल स्कोरिंग लिस्ट में देखा। फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे ने 10 गोल के साथ अपना कुल वर्ल्ड कप गोल आंकड़ा 22 तक पहुंचाया और जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोजे (16) का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए इतिहास के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी भी 21 गोल के साथ क्लोजे से आगे निकलकर दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

फुटबॉल वर्ल्ड कप के सभी चैंपियन

क्लोजिंग सेरेमनी की 7 फोटोज…

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प VIP बॉक्स में फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो के साथ।

शकीरा ने परफॉर्म किया।

जस्टिन बीबर ने भी क्लोजिंग सेरेमनी में हिस्सा लिया।

हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम क्रूज क्लोजिंग सेरेमनी के समय।

अमेरिकी सिंगर पोस्ट मालोन ने क्लोजिंग सेरेमनी में परफॉर्म करते हुए।

क्लोजिंग सेरेमनी में पोस्ट मालोन और रैपर सवै ली।

यूट्यूब कंटेट क्रिएटर स्पीड ने परफॉर्म किया।
दोनों टीमों की स्टार्टिंग-11
स्पेन: उनाई सिमोन (गोलकीपर), पेड्रो पोरो, एमेरिक लापोर्टे, पाउ क्यूबार्सी, मार्क कुकुरेला, फेबियन रुइज, एलेक्स बाएना, रोड्री (कप्तान), दानी ओल्मो, लामिन यामाल, मिकेल ओयारजाबाल।
अर्जेंटीना: एमिलियानो मार्टिनेज (गोलकीपर), निकोलस टैग्लियाफिको, गोंजालो मोंटिएल, लिसांद्रो मार्टिनेज, क्रिस्टियन रोमेरो, रोड्रिगो डी पॉल, निको गोंजालेज, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंजो फर्नांडेज, जूलियन अल्वारेज, लियोनेल मेसी (कप्तान)।
फाइनल से जुड़े अपडेट्स के लिए LIVE ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
10:10 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
स्पेन दूसरी बार फुटबॉल वर्ल्ड कप विजेता
मैच के आखिरी मिनट अर्जेंटीना को फ्री-किक मिला। हालांकि स्पेनिश डिफेंस ने कोई मौका नहीं दिया। रेफरी की अंतिम सीटी बजी और स्पेन 2010 के बाद दूसरी बार फुटबॉल वर्ल्ड कप चैंपियन बन गया।

स्पेन जीतने के बाद सेलिब्रेट करती हुई।
09:48 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
टोरेस ने गोल कर स्पेन को 1-0 से बढ़त दिला दी
एक्स्ट्रा टाइम के 107वें मिनट में स्पेन ने मैच का पहला गोल किया। निको विलियम्स ने दूर से आए क्रॉस पर बैक पोस्ट पर शानदार हेडर से गेंद नीचे गिराई। इस पर फेरान टोरेस ने रनिंग शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंच दिया।
09:44 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
एक्स्ट्रा टाइम के पहले हाफ में कोई गोल नहीं
एक्स्ट्रा टाइम के पहले 15 मिनट के बाद भी दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हो सका। स्पेन लगातार आक्रमण करता रहा। जबकि 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही अर्जेंटीना ने मजबूत डिफेंस के दम पर स्कोर 0-0 बनाए रखा। अर्जेंटीना पूरे मैच में अब तक कोई बड़ा गोल करने का मौका भी नहीं बना सकी।
स्टेडियम में एक्स्ट्रा टाइम के ब्रेक के दौरान मशहूर गाना ‘द फाइनल काउंटडाउन’ बजाया गया। इसी बीच दोनों टीमों के कोच खिलाड़ियों को आखिरी 15 मिनट के लिए रणनीति समझाते नजर आए।
09:30 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
स्पेन का गोल VAR ने रद्द किया, अर्जेंटीना को मिली बड़ी राहत
95वें मिनट में अर्जेंटीना अपनी ही गलती से मुश्किल में फंस गया। मिकेल मेरिनो ने खराब हेडर से गेंद पीछे खेली, लेकिन स्पेन इसका फायदा नहीं उठा सका। आखिरकार अर्जेंटीना ने लंबी किक से खतरा टाल दिया। आगे सिर्फ लियोनेल मेसी मौजूद थे, लेकिन गेंद उनसे काफी दूर चली गई।
इसके एक मिनट बाद 96वें मिनट में स्पेन ने गोल कर दिया। निको विलियम्स ने गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज के बचाव के बाद उछली गेंद को करीब से गोल में डाल दिया। हालांकि मामला तुरंत VAR के पास गया और जांच के बाद गोल को अमान्य कर दिया गया।

स्पेन लगातार अटैक कर रही, लेकिन गोल नहीं कर सकी।
09:24 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
मैच ड्रॉ रहा तो आगे क्या होगा? जानिए एक्स्ट्रा टाइम और पेनल्टी शूटआउट के नियम
क्या होता है एक्स्ट्रा टाइम?
- नॉकआउट मुकाबलों में 90 मिनट के बाद स्कोर बराबर रहने पर एक्स्ट्रा टाइम खेला जाता है।
- इसमें कुल 30 मिनट का खेल होता है।
- इसे 15-15 मिनट के दो हाफ में बांटा जाता है।
- दोनों हाफ के बीच टीमों का एंड बदला जाता है।
पेनल्टी शूटआउट कब होता है?
अगर एक्स्ट्रा टाइम खत्म होने के बाद भी स्कोर बराबर रहे, तो मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से किया जाता है।
पेनल्टी शूटआउट के नियम
- रेफरी टॉस से तय करता है कि शूटआउट किस गोलपोस्ट पर होगा।
- दूसरा टॉस तय करता है कि पहली पेनल्टी कौन-सी टीम लेगी।
- दोनों टीमों को शुरुआत में 5-5 पेनल्टी मिलती हैं।
- दोनों टीमें बारी-बारी से पेनल्टी लेती हैं।
- केवल वही खिलाड़ी पेनल्टी ले सकते हैं, जो एक्स्ट्रा टाइम खत्म होने तक मैदान पर मौजूद हों।
- गोलकीपर भी पेनल्टी ले सकता है।
अगर 5-5 पेनल्टी के बाद भी स्कोर बराबर रहा तो?
- इसके बाद सडन डेथ शुरू होती है।
- दोनों टीमें एक-एक पेनल्टी लेंगी।
- जिस राउंड में एक टीम गोल कर दे और दूसरी चूक जाए, उसी समय मुकाबला खत्म हो जाएगा।
गोलकीपर के लिए नियम
- पेनल्टी लेते समय गोलकीपर को गेंद किक होने तक गोललाइन पर, दोनों पोस्ट के बीच रहना होता है।
- वह लाइन पर दाएं-बाएं मूव कर सकता है, लेकिन गेंद किक होने से पहले आगे नहीं बढ़ सकता।
वर्ल्ड कप के यादगार पेनल्टी शूटआउट
- 1994 फाइनल: ब्राजील ने इटली को 3-2 से हराया, रॉबर्टो बाज्जियो की चूकी पेनल्टी आज भी याद की जाती है।
- 1990 सेमीफाइनल: वेस्ट जर्मनी ने इंग्लैंड और अर्जेंटीना ने इटली को पेनल्टी शूटआउट में हराया।
- 2006 फाइनल: इटली ने फ्रांस को 5-3 से हराकर विश्व कप जीता।
- 2014 राउंड ऑफ-16: ब्राजील ने चिली को 3-2 से हराया।
- 2018 राउंड ऑफ-16: क्रोएशिया ने डेनमार्क को 3-2 और फिर क्वार्टरफाइनल में रूस को 4-3 से पेनल्टी शूटआउट में हराया।
09:15 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
एंजो फर्नांडीज को रेड कार्ड, आखिरी मिनट में स्पेन को फ्री-किक
इंजरी टाइम में अर्जेंटीना को बड़ा झटका लगा। 90+4वें मिनट में एंजो फर्नांडीज को देर से टैकल करने पर दूसरा येलो कार्ड मिला और रेफरी ने उन्हें रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया। फैसले के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन VAR ने जांच के बाद भी रेड कार्ड के फैसले को बरकरार रखा।
इसके बाद 90+6वें मिनट में स्पेन को बॉक्स के ठीक बाहर बेहद खतरनाक फ्री-किक मिली। फेरान टोरेस को फाउल किए जाने पर मिले इस मौके के साथ ही यह सामान्य समय की आखिरी किक रही।

09:10 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
स्पेन का अटैक फिर नाकाम, फर्नांडीज को यलो कार्ड
83वें मिनट में अर्जेंटीना के एंजो फर्नांडीज ने ब्रेक बनाने की कोशिश की, लेकिन गिरने के बावजूद रेफरी ने फाउल नहीं दिया। फैसले पर नाराजगी जताने पर रेफरी ने उन्हें येलो कार्ड दिखा दिया।
इसके दो मिनट बाद स्पेन एक बार फिर गोल के करीब पहुंचा। लामिन यमाल ने दाईं ओर से फेरान टोरेस को शानदार पास दिया, लेकिन उनका क्रॉस अर्जेंटीना के डिफेंडर ने ब्लॉक कर दिया।
09:00 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
स्पेन ने फिर मौका गंवाया
स्पेन ने 81वें मिनट में एक और मौका गंवा दिया। निको विलियम्स ने दाईं ओर से बॉक्स में शानदार चिप पास डाला, जिस पर एमेरिक लापोर्टे ने हेडर लगाया। हालांकि उनका प्रयास कमजोर था। गेंद सीधे गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज के हाथों में चली गई।
08:54 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
स्पेन के दो बदलाव, अर्जेंटीना की गेंद पर पकड़ ज्यादा देर नहीं टिक सकी
73वें मिनट में एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने गेंद छीनी और स्पेन के हाफ में हमला बनाने की कोशिश की। हालांकि अर्जेंटीना इस मौके का फायदा नहीं उठा सका। कुछ देर तक गेंद अपने पास रखने के बाद उसने फिर कब्जा गंवा दिया।
इसके बाद 74वें मिनट में स्पेन ने दो बदलाव किए। दानी ओल्मो और एलेक्स बेएना की जगह मिकेल मेरिनो और निको विलियम्स मैदान पर उतरे।

अर्जेंटीना और स्पेन के प्लेयर्स आपसे में बॉल के लिए लड़ते हुए।
08:49 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
हाइड्रेशन ब्रेक के बाद अर्जेंटीना के दो बदलाव
68वें मिनट में खिलाड़ियों को हाइड्रेशन ब्रेक दिया गया। लगातार स्पेन के का सामना कर रही अर्जेंटीना की टीम पर दबाव साफ दिखा, लेकिन उसकी उम्मीदें अब भी लियोनेल मेसी पर टिकी हैं।
ब्रेक के बाद 70वें मिनट में अर्जेंटीना ने दो बदलाव किए। क्रिस्टियन रोमेरो और रोड्रिगो डी पॉल की जगह फाकुंडो मेडिना और जुलियानो सिमेओने मैदान पर उतरे।
08:44 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
64 मिनट तक स्कोर: स्पेन 0-0 अर्जेंटीना।
63वें मिनट में लामिन यमाल दाईं ओर गिर पड़े और फ्री-किक की अपील की, लेकिन रेफरी ने खेल जारी रखा।
इसके एक मिनट बाद स्पेन गोल करने के बेहद करीब पहुंच गया। दानी ओल्मो ने बॉक्स के बाहर से जोरदार शॉट लगाया, जिस पर अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज पूरी तरह असहज दिखे। गेंद उछलकर उनके हाथों से छिटकती हुई कॉर्नर के लिए बाहर चली गई और अर्जेंटीना ने बड़ी मुश्किल से गोल टाला।

स्पेन के यमाल और अर्जेंटीना के प्लेयर्स।
08:36 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
स्पेन का मूव नाकाम, पारेदेस को येलो कार्ड
दूसरे हाफ के शुरुआती मिनटों में स्पेन ने लामिन यमाल, फेबियन रुइज और मिकेल ओयारजाबाल की शानदार पासिंग से अर्जेंटीना की डिफेंस को भेद दिया। हालांकि, बॉक्स के अंदर निकोलस ओटामेंडी ने आखिरी पल में ओयारजाबाल से गेंद छीनकर स्पेन का लगभग पक्का गोल बचा लिया।
इसके तुरंत बाद मुकाबले का पहला बड़ा विवाद भी देखने को मिला। लिएंड्रो पारेदेस ने सेंटर सर्कल में रोद्री को पीछे से कंधा मारा, जिससे दोनों टीमें आमने-सामने आ गईं और खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। माहौल शांत होने पर रेफरी ने 52वें मिनट में पारेदेस को येलो कार्ड दिखाया। पारेदेस हाफ टाइम में निकोलस गोंजालेज की जगह मैदान पर उतरे थे।

फाउल के बाद दोनों टीम के प्लेयर्स आपस में भिड़ें।
08:28 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
दूसरे हाफ की शुरुआत, स्पेन का पहला अटैक बेअसर
दूसरे हाफ का खेल शुरू हो गया है। 46वें मिनट में स्पेन ने शुरुआती हमला किया, लेकिन एलेक्स बेएना गेंद पर साफ संपर्क नहीं बना सके और मौका गंवा बैठे।
48वें मिनट में अर्जेंटीना को पहला कॉर्नर मिला। लियोनेल मेसी का क्रॉस पहले ही डिफेंडर से टकरा गया। इसके बाद गेंद अर्जेंटीना के खिलाड़ी से लगकर बाहर चली गई और स्पेन को गोल किक मिल गई।
08:16 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
शकीरा ने परफॉर्म किया
कोलंबियाई पॉप स्टार शकीरा ने मंच संभाला। उन्होंने नाईजीरिया के बर्ना बॉय के साथ डाई-डाई गाना गाया।

शकीरा और बर्ना बॉय।
08:15 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
पेले को दी गई श्रद्धांजलि
हाफ टाइम शो में सबसे पहले फुटबॉल के महान खिलाड़ी पेले को बिग स्क्रीन पर याद किया गया। इसके बाद बच्चों के एक समूह ने प्रस्तुति दी, जबकि कर्मिट और मिस पिगी जैसे मशहूर मपेट किरदारों ने भी डांस कर दर्शकों का मनोरंजन किया।
08:10 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
हाफ टाइम शो में जस्टिन बीबर की एंट्री
हाफ टाइम शो के दौरान जस्टिन बीबर ने मंच पर एंट्री की। उनके हाथ में गिटार था और उन्होंने सोलो परफॉर्मेंस दी।

जस्टिन बीबर गिटार के साथ।
08:05 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
मेसी का मूव नाकाम, हाफ टाइम तक स्कोर 0-0
पहले हाफ के इंजरी टाइम में लियोनेल मेसी का मूव नाकाम रहा। वे गेंद लेकर स्पेन गोलपोस्ट के पास पहुंचे। हालांकि वे शॉट लगा पाते, उससे पहले ही स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन उनसे पहले गेंद तक पहुंच गए।

मेसी पहले हाफ में गोल नहीं कर सके।
07:51 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
लिसांद्रो मार्टिनेज को येलो कार्ड
41वें मिनट में लिसांद्रो मार्टिनेज ने मिकेल ओयारजाबाल को पीछे से पकड़कर रोका। रेफरी ने बिना देर किए अर्जेंटीना के डिफेंडर को येलो कार्ड दिखाया।
07:46 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
ओयारजाबाल का शॉट, एमिलियानो मार्टिनेज ने बचाया गोल
हाफ खत्म होने से पहले मिकेल ओयारजाबाल ने स्पेन को बढ़त दिलाने का बेहतरीन मौका बनाया। शानदार पासिंग मूव के बाद उन्हें बॉक्स के किनारे से शॉट लगाने की जगह मिली, लेकिन अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने शानदार बचाव करते हुए गेंद को गोल में नहीं जाने दिया।
07:41 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
अर्जेंटीना की फ्री-किक बेअसर, स्पेन ने काउंटर अटैक किया
अर्जेंटीना को 33वें मिनट में बाएं फ्लैंक से फ्री-किक मिली। गेंद को बॉक्स में भेजने का मौका था, लेकिन टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी।
इसके बाद लियोनेल मेसी ने फ्री-किक को शॉर्ट खेलकर मूव बनाने की कोशिश की, लेकिन स्पेन के खिलाड़ियों ने तुरंत अर्जेंटीना को घेर लिया और हमला वहीं रोक दिया। गेंद छिनते ही स्पेन ने तेज काउंटर अटैक शुरू कर दिया। 34 मिनट के खेल के बाद भी मुकाबला 0-0 से बराबरी पर है।
07:34 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
रोड्री का दबदबा, स्पेन की हाई प्रेस में उलझा अर्जेंटीना
शुरुआती 20 मिनट में स्पेन के रोड्री पूरे मैदान पर दिख रहे हैं। डिफेंस में वे तीसरे सेंटर-बैक की भूमिका निभा रहे हैं, गेंद मिलने पर प्लेमेकर बन रहे हैं और अटैक में भी स्पेन के लिए मुख्य विकल्प बने हुए हैं। इतना ही नहीं, वे अर्जेंटीना के हाफ में लगातार हाई प्रेस कर रहे हैं।
स्पेन की इसी प्रेसिंग के कारण अर्जेंटीना कई बार गेंद गंवा चुका है और स्पेन को कुछ मौके भी मिले हैं। हालांकि, अर्जेंटीना की टीम अक्सर मैच के आगे बढ़ने के साथ लय पकड़ती है।

मिडफील्ड में स्पेन के रोड्री और अर्जेंटीना के एंजो फर्नांडीज।
07:31 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
मेसी की बेहतरीन पास, लेकिन ऑफसाइड हुआ
लियोनेल मेसी मिडफील्ड तक लौटे और वहां से शानदार थ्रू बॉल खेलकर निको गोंजालेज को बॉक्स के अंदर भेजा। हालांकि गेंद उनके कदमों से थोड़ा पीछे रह गई, जिससे वे सही तरीके से शॉट नहीं लगा सके। इसके बाद सहायक रेफरी ने ऑफसाइड का झंडा उठा दिया। 22 मिनट के खेल के बाद भी स्पेन और अर्जेंटीना 0-0 की बराबरी पर हैं।

मेसी का शॉट स्पेन के गोलकीपर ने रोका।
07:26 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
दोनों टीमें बराबरी पर
दोनों टीमों के बीच अब तक 14 मुकाबले खेले गए हैं। दोनों ने 6-6 मैच जीते हैं, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। वर्ल्ड कप में दोनों की अब तक सिर्फ एक बार भिड़ंत हुई है। 1966 में अर्जेंटीना ने स्पेन को 2-1 से हराया था। वहीं दोनों के बीच पिछला मुकाबला 2018 के दोस्ताना मैच में हुआ था, जिसमें स्पेन ने अर्जेंटीना को 6-1 से हराया था।

07:24 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
ओल्मो ने मेसी को रोका, फ्री-किक बेकार गई
स्पेन के दानी ओल्मो ने लियोनेल मेसी को स्पेनिश हाफ के ठीक अंदर फाउल कर रोक दिया। अर्जेंटीना को फ्री-किक मिली, लेकिन बॉक्स में भेजी गई लंबी गेंद किसी खिलाड़ी तक नहीं पहुंची और सीधे गोल लाइन पार कर गई। 16 मिनट के बाद भी मुकाबला 0-0 से बराबरी पर है।
07:17 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प वर्ल्ड कप फाइनल देखने पहुंचे
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी फीफा वर्ल्ड कप फाइनल देखने स्टेडियम पहुंचे हैं। ट्रम्प VIP बॉक्स में फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो के साथ बैठे हैं।

ट्रम्प VIP बॉक्स में फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो के साथ।
07:14 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
यमाल ने बनाया पहला मौका, अर्जेंटीना के गोलकीपर ने बचाया
स्पेन ने मैच के 5वें मिनट में पहला अटैक किया। लामिन यमाल ने शानदार वन-टू पास के बाद बॉक्स में जगह बनाई, लेकिन उनका शॉट अर्जेंटीना के गोलकीपर ने रोक दिया। शुरुआती मिनटों में स्पेन ने आक्रामक शुरुआत की है, जबकि 5 मिनट के बाद स्कोर 0-0 से बराबर है।
07:05 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
अर्जेंटीना ने 3 बदलाव किए, स्पेन अनचेंज
फाइनल मुकाबले से पहले अर्जेंटीना और स्पेन का राष्ट्रगान गाया गया। स्पेन ने सेमीफाइनल मैच की स्टार्टिंग-11 खिलाया है। वहीं अर्जेंटीना ने 3 बदलाव किए हैं।
06:41 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
19 साल पहले मेसी ने यमाल को गोद में उठाया था
इस फाइनल की सबसे बड़ी कहानी लियोनेल मेसी और लामिन यमाल की है। मेसी अर्जेंटीना के सुपर स्टार हैं तो यमाल स्पेन की युवा सनसनी। मेसी स्पेन के ही क्लब बार्सिलोना के लिए खेलते थे। करीब 19 साल पहले बार्सिलोना के एक चैरिटी फोटोशूट में मेसी ने तीन महीने के यमाल को गोद में उठाकर नहलाया था। तब मेसी खुद 20 साल के थे। आज वही यमाल पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेसी के सामने उतरेंगे। यह तस्वीर 2024 में वायरल हुई थी और अब फुटबॉल इतिहास की सबसे चर्चित कहानियों में शामिल है।

2007 में कैंप नोउ के ड्रेसिंग रूम में चैरिटी कैलेंडर के फोटोशूट के दौरान 20 साल के लियोनेल मेसी ने 6 महीने के लामिन यमाल को गोद में उठाया था। अब दोनों वर्ल्ड कप फाइनल में आमने-सामने होंगे।
06:41 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
गोल्डन बूट की रेस में एमबाप्पे सबसे आगे
एमबाप्पे गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे हैं। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में 10 गोल और 4 असिस्ट किए हैं। वहीं, मेसी दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में 8 गोल और 4 असिस्ट किए हैं। दूसरी ओर स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल 5 गोल के साथ टीम के टॉप स्कोरर हैं, जबकि 19 साल के यमाल 30 सफल ड्रिब्ल के साथ टूर्नामेंट के सबसे इम्पैक्टफुल विंगर रहे हैं।

सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराने के मेसी सेलिब्रेट करते हुए।
06:40 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
स्पेन ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल खाया
लुइस डे ला फुएंते की टीम की शुरुआत केप वर्डे के खिलाफ 0-0 के ड्रॉ से हुई थी। इसके बाद स्पेन ने लगातार छह मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई। टीम ने ऑस्ट्रिया, पुर्तगाल, बेल्जियम और सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराया।
पूरे टूर्नामेंट में स्पेन ने सिर्फ एक गोल खाया। गोलकीपर उनाई सिमोन ने वर्ल्ड कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा छह क्लीन शीट का रिकॉर्ड बनाया। वहीं कप्तान रोड्री ने रिकॉर्ड 648 सफल पास पूरे किए।

06:40 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
अर्जेंटीना लगातार सात जीत के साथ फाइनल में
डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने ग्रुप स्टेज में अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया और जॉर्डन को हराया। इसके बाद केप वर्डे, मिस्र, स्विट्जरलैंड और इंग्लैंड को हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई।
मिस्र के खिलाफ 0-2 से पिछड़ने के बाद 3-2 की जीत और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ पिछड़कर 2-1 से जीत ने टीम की चैंपियन मानसिकता दिखाई। अर्जेंटीना ने लगातार सात मुकाबले जीते हैं और इस विश्व कप में सबसे ज्यादा 19 गोल किए हैं।

06:38 PM19 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
स्पेन की डिफेंस Vs अर्जेंटीना का अटैक
फाइनल में सबसे बड़ी टक्कर स्पेन की डिफेंस और अर्जेंटीना के अटैक के बीच होगी। स्पेन ने सिर्फ एक गोल खाया है, जबकि अर्जेंटीना ने 19 गोल दागे हैं। रोड्री, कुबार्सी और कुकुरेला पर मेसी को रोकने की जिम्मेदारी होगी, जबकि अर्जेंटीना की उम्मीदें मेसी, जूलियन अल्वारेज और एंजो फर्नांडीज पर टिकी होंगी।
