लखनऊ3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

वरिष्ठ विज्ञान लेखक और सचिवालय में विशेष सचिव डॉ. दीपक कोहली को ‘विज्ञान प्रसार गौरव अवार्ड–2026’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें विज्ञान को सरल और जनसुलभ भाषा में प्रस्तुत करने के उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान मिला।
यह सम्मान लखनऊ स्थित एस.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा राष्ट्रीय विज्ञान शिक्षा दिवस के अवसर पर आयोजित एक समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम एसआर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के सभागार में संपन्न हुआ। इस दौरान विज्ञान शिक्षा, नवाचार और समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
विज्ञान लेखन और विज्ञान संचार के क्षेत्र में विशेष योगदान
समारोह में विभिन्न शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। संस्थान के चेयरमैन पवन सिंह चौहान ने डॉ. कोहली को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। उन्होंने विज्ञान लेखन और विज्ञान संचार के क्षेत्र में डॉ. कोहली के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।
डॉ. कोहली लंबे समय से विज्ञान विषयों को सरल, रोचक और लोकप्रिय शैली में प्रस्तुत करते आ रहे हैं। उनके लेखों ने आम जनता, विशेष रूप से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
